Helmet Cleaning Tips: हेलमेट आपकी सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन धूल, पसीने और प्रदूषण के कारण यह जल्दी गंदा हो जाता है। गंदा हेलमेट न केवल देखने में खराब लगता है, बल्कि इससे त्वचा संबंधी समस्याएं और दुर्गंध भी हो सकती है। लेकिन हेलमेट को कभी भी पानी में डुबोकर नहीं धोना चाहिए, क्योंकि इससे इसके अंदर का सेफ्टी पैड खराब हो सकता है। तो आइए जानते हैं हेलमेट को अंदर और बाहर दोनों तरफ से साफ करने के लिए कौन सा तरीका अपनाना चाहिए।
बाहरी हिस्से की कैसे करें सफाई
हेलमेट के बाहरी हिस्से पर सड़क की धूल और कीड़े चिपक जाते हैं। इसे साफ करने के लिए हल्का साबुन और पानी लें, एक मुलायम कपड़े को गुनगुने पानी और माइल्ड शैम्पू या लिक्विड सोप के घोल में भिगोएं और हेलमेट की सतह को हल्के हाथों से पोंछें। जिद्दी दागों के लिए गीला कपड़ा कुछ देर उस जगह पर छोड़ दें ताकि गंदगी ढीली हो जाए। बता दें कि कभी भी हार्ड केमिकल, पेट्रोल या ग्लास क्लीनर का उपयोग न करें, क्योंकि ये हेलमेट की ऊपरी परत और चमक को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
वाइजर को कैसे करें साफ
वाइजर आपकी विजिबिलिटी के लिए अहम है। इस पर खरोंच न पड़ें, इसके लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का ही उपयोग करना चाहिए। ध्यान रखें कि वाइजर को रगड़ने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Kia New Launch: किआ Sonet 2026 का नया वेरिएंट्स लॉन्च, जानें क्या है खासियत और कितनी है कीमत
अंदर की सफाई
अगर आपके हेलमेट की पैडिंग निकल सकती है, तो उसे निकालकर गुनगुने पानी और बेबी शैम्पू में 15-20 मिनट के लिए भिगो दें। फिर साफ पानी से धोकर प्राकृतिक रूप से सूखने दें। अगर पैडिंग नहीं निकलती, तो आप 'हेलमेट क्लीनर स्प्रे' का उपयोग कर सकते हैं या गीले कपड़े से पोंछ सकते हैं।
धूप में जरूर रखें
सफाई के बाद हेलमेट को धूप में जरूर रखें जिससे अंदर की नमी पूरी तरह सूख जाए। अगर आप हेलमेट का पैड या शीशा अलग कर रहे हैं तो बहुत सावधानी बरतें जिससे कोई लॉक या पेंच न टूटे।