Following PM Modis Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने बड़ा फैसला लिया है। बढ़ती यात्री संख्या और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए DMRC अब 18 मई से हर सोमवार 24 अतिरिक्त मेट्रो फेरे चलाएगी। इसके लिए 6 अतिरिक्त ट्रेनों को सेवा में लगाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने भी “मेरा भारत, मेरी भागीदारी” अभियान शुरू किया है, जिसके तहत हर सोमवार को “मेट्रो डे” के रूप में मनाया जाएगा।
ऊर्जा बचत और पर्यावरण पर फोकस
DMRC का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में सार्वजनिक परिवहन ऊर्जा बचत, आर्थिक मजबूती और पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से मेट्रो सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि लोग निजी वाहनों की बजाय अधिक से अधिक मेट्रो का इस्तेमाल करें। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त सेवाएं चलाई जाएंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम
बढ़ती भीड़ को देखते हुए DMRC ने अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, ज्यादा टिकट काउंटर, अतिरिक्त बैगेज स्कैनर और मेटल डिटेक्टर लगाने का फैसला किया है। साथ ही व्यस्त समय में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे ताकि स्टेशनों पर इंतजार कम हो सके।
यह भी देखेंःभारत ने इटली के साथ किया बड़ा समझौता, स्पेस टेक में नई साझेदारियों का किया ऐलान
मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी पर जोर
दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क रेलवे स्टेशन, ISBT, एयरपोर्ट, नमो भारत RRTS, नोएडा मेट्रो और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो से जुड़ा हुआ है। इससे यात्रियों को अलग-अलग परिवहन सेवाओं के बीच आसानी से सफर करने की सुविधा मिलती है। DMRC का कहना है कि इससे निजी वाहनों और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी।
डिजिटल टिकटिंग और लास्ट माइल सुविधा
DMRC ने 160 मेट्रो स्टेशनों पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और कैब जैसी लास्ट माइल सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। इसके अलावा QR टिकटिंग, व्हाट्सएप टिकटिंग, NCMC कार्ड और डिजिटल भुगतान सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दिल्ली सरकार का मानना है कि यह कदम सतत और पर्यावरण अनुकूल शहरी परिवहन को मजबूत करेगा