Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जब उसकी गर्लफ्रेंड ने पार्टी के दौरान झगड़े में गुस्से में आकर उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल कंपनी में था मैनेजर
मृतक की पहचान दक्षिण कोरिया के रहने वाले डक ही यू के रूप में हुई है, जो एक मोबाइल कंपनी में मैनेजर था। वह पिछले दो साल से मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पमाई के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों नोएडा सेक्टर-150 स्थित पायस हाइड वेज सोसाइटी में रहते थे।
नशे की हालत में चाकू से वार कर दिया
पुलिस पूछताछ में लुंजेना ने बताया कि दोनों पार्टी कर रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसने नशे की हालत में चाकू से वार कर दिया। लुंजेना ने कहा कि उसका इरादा जान से मारने का नहीं था, घटना अनजाने में हुई।
दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि जिम्स अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब पीने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार रात भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जो हिंसक रूप ले लिया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितनी जगह पर वार किया गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।