सेक्टर-15ए में रहने वाले सेवानिवृत्त पूर्व आईएएस अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने ई-चालान का मैसेज भेजकर उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की और 1.91 लाख रुपये का फर्जी लेनदेन कर लिया। शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जल्द जमा करने का दबाव बनाया गया
शिकायतकर्ता ने बताया कि 29 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक संदेश आया जिसमें निर्धारित गति से वाहन चलाने पर जुर्माना लगाए जाने की जानकारी दी गई थी। संदेश में अतिरिक्त जुर्माने से बचने के लिए तत्काल भुगतान करने की चेतावनी भी दी गई। इसके बाद पांच जनवरी को एक और एसएमएस आया जिसमें खुद को परिवहन मंत्रालय से भेजा गया बताते हुए जुर्माना जल्द जमा करने का दबाव बनाया गया।
कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी
जालसाजों ने उनसे कार नंबर पूछा और एक फार्म भरवाया। इसके बाद 500 रुपये जुर्माना बताया गया। पीड़ित ने अपने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर दिया और कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी। पुष्टि के लिए जालसाजों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक भी किया। कुछ समय बाद ही उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि क्रेडिट कार्ड से 1,91,417 रुपये कट गए हैं।
रिपोर्ट पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई
घटना के बाद उन्होंने तुरंत ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क किया और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्ट पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी ने लेनदेन की जिम्मेदारी शिकायतकर्ता पर ही डाल दी और रुपये वापस करने से इनकार कर दिया।पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।