Former IPS Amitabh Thakur: पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है। बुधवार देर रात उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। जिसके बाद उन्हें एसजीपीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया है।चार डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार निगरानी और इलाज कर रही है। हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए सभी रूटीन जांच दोबारा कराई जा रही है।
देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत
गौरतलब है कि अमिताभ ठाकुर की तबीयत देवरिया जेल में मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई थी। सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद पहले उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज, फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर लखनऊ भेजा गया। इसी बीच अमिताभ ठाकुर की ओर से रिमांड कैंसिल करने के लिए बुधवार को दी गई अर्जी सीजीएम मंजू कुमारी ने खारिज कर दी। अब उन्हें 21 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।
इसीजी रिपोर्ट काफी खराब आई
बताते चलें कि मंगलवार को पेशी के बाद अमिताभ ठाकुर को शाम तीन बजे जेल वापस लाया गया। रात 9:30 बजे उन्होंने भोजन किया। रात करीब 12 बजे अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिर उन्हें गोरखपुर भेजा गया। वहां शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई, लेकिन बुधवार को कराई गई ट्रोप-आई जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई। डॉक्टरों के अनुसार, यह जांच हार्ट अटैक की पुष्टि के लिए अहम मानी जाती है। सूत्रों की मानें तो अमिताभ ठाकुर पिछले नौ दिनों से हार्ट की नियमित दवा नहीं ले रहे थे, जिसकी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी। इसीजी रिपोर्ट काफी खराब आई है।