राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें अलग-अलग इलाकों में जान-माल का नुकसान हुआ। सबसे गंभीर घटना रोहिणी जिले के रिठाला में हुई, जहां झुग्गियों में लगी भीषण आग में एक 17 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। वहीं इससे पहले सदर बाजार में भी आग लगने की घटना में दो जले हुए शव बरामद किए गए। इसके अलावा महिपालपुर में कपड़ों के वेयरहाउस और संगम विहार में एक डीटीसी बस में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
झुग्गियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
रोहिणी जिले के रिठाला गांव स्थित बंगाली बस्ती झुग्गी में वीरवार को भीषण आग लग गई। इस संबंध में थाना बुध विहार में पीसीआर कॉल (डीडी नंबर 14A) प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और झुग्गियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।आग बुझाने के लिए 1 15 दमकल गाड़ियां और 8 से 10 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। आग की चपेट में लगभग 100 झुग्गियां, पास का कागज व कार्डबोर्ड का गोदाम और कुछ रिहायशी फ्लैट भी आ गए।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है
घटना के दौरान 17 वर्षीय लड़की का जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान रोजीना खातून (17) पुत्री हनीफ लस्कर निवासी रिठाला के रूप में हुई। उसे बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। इस मामले में एफआईआर नंबर 85/26 के तहत धारा 287/125(ए)/106 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है ।
प्लास्टिक के खिलौनों का सामान रखा हुआ था
इससे पहले पुरानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक इमारत में भीषण आग लग गई। आग एक ऐसे भवन में लगी जिसमें प्लास्टिक के खिलौनों का सामान रखा हुआ था। यह इमारत ग्राउंड प्लस चार मंजिला थी और चौथी मंजिल पर अस्थायी ढांचा बना हुआ था। दमकल विभाग ने मेक-6 फायर कॉल घोषित करते हुए कई फायर यूनिट मौके पर भेजीं। कुल 7 वाटर टेंडर, 5 वाटर बाउजर, 1 ब्रेथिंग फायर टेंडर और 1 मल्टीपर्पज यूनिट ने मिलकर आग पर काबू पाया।घटना के दौरान मलबे से दो जले हुए शव बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
महिपालपुर के कपड़ा गोदाम में आग
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर के रंगपुरी इलाके में स्थित एक कपड़ों के वेयरहाउस में भी आग लग गई। दमकल विभाग को सुबह करीब 10:20 बजे इसकी सूचना मिली।सूचना मिलते ही 9 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि यह गोदाम कपड़ों का बड़ा वेयरहाउस है, जहां से विभिन्न जगहों पर सामान भेजा जाता है।हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
संगम विहार में डीटीसी इलेक्ट्रिक बस में लगी आग
दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार स्थित बत्रा अस्पताल बस स्टैंड के पास एक डीटीसी इलेक्ट्रिक बस (DL 51 EV 8595) में आग लग गई। घटना की सूचना दोपहर करीब 12:57 बजे मिली।दमकल विभाग ने तुरंत एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग और पुलिस सभी घटनाओं के कारणों की जांच कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी शुरू कर दी है।