Fridge Care Tips : फ्रीजर में बर्फ की मोटी परत जमना एक आम घरेलू समस्या है। शुरुआत में यह मामूली लग सकती है, लेकिन ज्यादा बर्फ जमने पर फ्रीजर के अंदर सामान रखने की जगह कम हो जाती है। इसके अलावा हवा के सही तरीके से घूमने में परेशानी हो सकती है और कूलिंग सिस्टम पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। ऐसे में समय-समय पर फ्रीजर को डीफ्रॉस्ट करना जरूरी है.
फ्रीजर में ज्यादा बर्फ क्यों जमती है?
फ्रीजर में बर्फ जमने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। बार-बार दरवाजा खोलना, गर्म या ज्यादा नमी वाला सामान अंदर रखना और दरवाजा ठीक से बंद न होना इनमें शामिल हैं। खराब डोर सील की वजह से भी बाहर की गर्म हवा अंदर पहुंच सकती है, जिससे नमी जमकर बर्फ का रूप ले लेती है.
पहला तरीका: फ्रिज को बंद करके बर्फ पिघलाएं
सबसे सुरक्षित तरीका फ्रिज का प्लग निकालकर उसे बंद करना है. फ्रीजर का सामान निकालकर किसी ठंडी जगह रखें और नीचे तौलिया बिछा दें. दरवाजा खुला छोड़ने पर कमरे के तापमान से बर्फ धीरे-धीरे पिघलने लगेगी। मोटी बर्फ को अपने आप ढीला होने दें और पिघला हुआ पानी कपड़े से साफ करते रहें.
दूसरा तरीका: गर्म पानी की भाप से करें डीफ्रॉस्ट
अगर बर्फ जल्दी हटानी हो तो एक बर्तन में गर्म पानी रखकर उसे फ्रीजर के अंदर रखा जा सकता है. दरवाजा बंद कर कुछ समय इंतजार करें. गर्म भाप से बर्फ नरम होने लगेगी और उसे आसानी से हटाया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर पानी दोबारा गर्म करके प्रक्रिया दोहराएं.
तीसरा तरीका: पंखे की हवा का लें सहारा
फ्रिज बंद करने के बाद फ्रीजर का दरवाजा खुला रखें और सामने से सामान्य कमरे की हवा चलने दें. पंखे का इस्तेमाल करते समय उसे पानी से दूर और सुरक्षित जगह पर रखें. हवा के प्रवाह से बर्फ जल्दी पिघल सकती है.
चाकू या नुकीली चीज से बर्फ न कुरेदें
बर्फ हटाने के लिए चाकू, स्क्रूड्राइवर या कोई नुकीली धातु की चीज इस्तेमाल करने से बचें. इससे फ्रीजर की अंदरूनी सतह या कूलिंग लाइन को नुकसान पहुंच सकता है। डीफ्रॉस्ट के बाद फ्रीजर को अच्छी तरह सुखाकर ही दोबारा चालू करें.