मेरठ। नौ दिन से लापता युवक की दो दोस्तों ने घर से ले जाकर हत्या कर दी और शव को हापुड़ जिले में फेंक दिया। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेमिका की शादी कहीं और कराने के विवाद में की गई है। फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हकीकत का पता चलेगा।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के बस्तौरा नारंग गांव निवासी से 38 वर्षीय सरवर 16 अगस्त को अपने दोस्त के साथ घर से गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने भी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार को उसका शव हापुड़ जिले के नानपुर गांव के जंगल में मिला है। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन शव की पहचान के लिए हापुड़ की मोर्चरी गए और शव का पहचान रुस्तम ने अपने भाई सरवर को रुप में की। शव की पहचान होने पर रुस्तम ने हस्तिनापुर थाने में सरवर को दो दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
रुस्तम ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि भाई सरवर कैराना में भी रहता है और यहां भी। 16 अगस्त को वह दोस्त कोठरा गांव निवासी राहुल के साथ घर से गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। परिजन यह समझते रहे कि वह कैराना चला गया होगा। दो दिन पहले सरवर के दोस्त की मोबाइल पर कॉल आई थी, उसने बताया था कि सरवर का मोबाइल बंद आ रहा है। रुस्तम के मुताबिक 16 अगस्त को सरवर से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ रखा है,लेकिन परिजनों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और वह समझ बैठे की सरवर नशे में ऐसी बात कर रहा है। रुस्तम ने बताया, दो दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हापुड़ के नानपुर गांव में रजबहे किनारे अज्ञात शव मिलने की जानकारी हुई थी। उन्होंने हापुड़ मोर्चरी पहुंच कर शव की पहचान की थी।
परिजनों का आरोप है कि नामजद आरोपियों ने सरवर की घर से बुलाकर हत्या की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया, रुस्तम की तहरीर पर नजाकत और राहुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेमिका की शादी कहीं और कराने के विवाद में की गई है। अभी मामले की जांच की जा रही है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी को टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।