
Friendship Day Special : हर साल अगस्त के पहले रविवार को Friendship Day मनाया जाता है. इस दिन दोस्त एक-दूसरे को गिफ्ट देते हैं, घूमने जाते हैं, साथ में खाना खाते हैं, पुरानी यादों को ताजा करते हैं. सोशल मीडिया पर दोस्ती की तस्वीरें, वीडियो और 'throwback memories' की भरमार होती है. लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि दोस्ती सिर्फ एक सामाजिक रिश्ता नहीं, बल्कि आपकी मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए भी कितनी जरूरी है? आइए इस Friendship Day 2025 पर दोस्ती को एक अलग नजरिए से देखें — एक इमोशनल और हेल्दी नज़रिए से.
हमारी जिंदगी में दोस्त वही होते हैं जो बिना शर्त हमें अपनाते हैं, हमारी कमियों के बावजूद हमारे साथ खड़े रहते हैं. लेकिन इस भावनात्मक जुड़ाव के पीछे छुपा है एक गहरा वैज्ञानिक सच — दोस्ती तनाव को कम करती है, हार्मोनल बैलेंस सुधारती है और यहां तक कि दिल की बीमारियों का खतरा भी घटाती है. जब हम अपने किसी भरोसेमंद दोस्त से बातें करते हैं, तो शरीर में ऑक्सिटोसिन जैसे “हैप्पी हार्मोन” का स्राव होता है, जिससे तनाव में राहत मिलती है। लंबे समय तक यह भावनात्मक सहारा हमारी इम्युनिटी तक को मजबूत कर देता है.
कोविड-19 के दौर ने हम सबको अकेलेपन का मतलब सिखाया. उस समय सबसे ज्यादा याद किसकी आई थी? सच्चे दोस्तों की. जब परिवार दूर थे या व्यस्त थे, तब दोस्त ही थे जिन्होंने देर रात फोन उठाए, वीडियो कॉल्स किए और "मैं हूं तेरे साथ" जैसे शब्दों से हमें हिम्मत दी. दोस्ती सिर्फ मौज-मस्ती का जरिया नहीं रही, बल्कि वह मानसिक स्वास्थ्य की एक दवा बनकर सामने आई.
आज जब हम तेजी से भागती दुनिया में जी रहे हैं, तो मानसिक थकान, अकेलापन, डिप्रेशन जैसे शब्द आम हो चुके हैं. ऐसे में एक सच्चा दोस्त थेरैपिस्ट की तरह काम करता है. वह बिना जज किए आपकी बातें सुनता है, आपको समझता है और आपको आपकी ही नज़रों में बेहतर इंसान बना देता है.
शोध भी यही कहते हैं कि जिन लोगों के पास मजबूत सामाजिक रिश्ते होते हैं — खासतौर पर गहरे दोस्त — उनकी उम्र लंबी होती है, वे तनाव को बेहतर तरीके से संभालते हैं, और उनका दिल ज्यादा स्वस्थ रहता है. अकेलापन आज के समय का नया “स्मोकिंग” बन गया है, जो चुपचाप सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है. ऐसे में दोस्ती इसका सबसे बड़ा इलाज बन सकती है.
Friendship Day पर इस बार सिर्फ पार्टी, गिफ्ट या हैंगआउट तक सीमित न रहें. अपने किसी पुराने दोस्त को कॉल करें, जिससे शायद महीनों से बात नहीं हुई. किसी दोस्त को ये जरूर कहें, “तू है तो सब है.” दोस्ती को सेलिब्रेट करने का असली तरीका यही है — भावनात्मक जुड़ाव, सच्ची चिंता और एक-दूसरे के लिए समय निकालना.
क्योंकि दोस्ती सिर्फ यादें बनाने के लिए नहीं होती, ज़िंदगी संवारने के लिए होती है.