उत्तर प्रदेश में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) के पद पर तैनात रहीं पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी। साथ ही प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर कदम बढ़ाने की बात कही है। उनके इस्तीफे के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि वह सीतापुर की सिधौली विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अभी अपनी राजनीतिक पारी या किसी दल से जुड़ने को लेकर औपचारिक घोषणा नहीं की है।
लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं
अनुपमा राग का राजनीतिक परिवार से संबंध है। उनकी मां सुशीला सरोज वर्ष 2004 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। वह उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उनके पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। वह लखनऊ की पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। अनुपमा के पिता राम प्रकाश (आरपी) सरोज भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे हैं।
नई शुरुआत और नई यात्रा बताया है
अनुपमा ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर उनका कदम समाज के प्रति जिम्मेदारियों को नए रूप में निभाने का संकल्प है। उनका मानना है कि बदलाव केवल विचारों से नहीं, बल्कि भागीदारी और सार्थक प्रयासों से आता है। उन्होंने इसे नई शुरुआत और नई यात्रा बताया है।