
Health tips: अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि शरीर से आने वाली गंध सिर्फ पसीने की वजह से होती है, लेकिन यह पूरी सच्चाई नहीं है. जब पसीना त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया से मिलता है, तो एक तीखी गंध बनती है, जिसे हम बॉडी ओडर कहते हैं. हालांकि, कभी-कभी नहाने और डियोड्रेंट लगाने के बाद भी बदबू बनी रहती है, जो किसी गंभीर हेल्थ इशू का संकेत हो सकती है.
जब बदबू दे चेतावनी, हो जाएं अलर्ट
अगर शरीर से हर दिन, बिना किसी खास वजह के, अजीब या तेज गंध आने लगे — जैसे मछली जैसी, अमोनिया जैसी या मीठी गंध — तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. साथ ही स्किन पर खुजली, रैशेज़ या जलन भी साथ दिखे तो डॉक्टर से मिलना जरूरी हो जाता है. यह बदलाव शरीर में भीतर चल रही गड़बड़ी का साफ संकेत हो सकता है.
गंध का मतलब समझिए, ये 5 बीमारियां दे सकती हैं इशारा
लिवर डिसऑर्डर
अगर शरीर से अमोनिया जैसी गंध आती है, तो यह लिवर से जुड़ी किसी समस्या का संकेत हो सकता है.
डायबिटिक केटोएसिडोसिस
मीठी या फल जैसी गंध डायबिटीज़ में ब्लड शुगर असंतुलन का इशारा देती है.
किडनी की बीमारी:
जब किडनी विषैले तत्वों को बाहर नहीं निकाल पाती, तो बदन से पेशाब जैसी गंध आ सकती है.
ट्राइमेथाइलमिन्यूरिया (Fish Odour Syndrome)
इस दुर्लभ बीमारी में शरीर से मछली जैसी गंध आती है, जो काफी तेज और स्थायी हो सकती है.
इंफेक्शन या फंगल प्रॉब्लम
त्वचा पर फंगल या बैक्टीरियल संक्रमण की वजह से भी बदबू पैदा हो सकती है, खासकर गीले हिस्सों में.
समय रहते जांच है जरूरी
अगर शरीर की गंध लगातार बनी रहती है और सामान्य उपाय काम नहीं करते, तो यह किसी बड़ी बीमारी की चेतावनी हो सकती है. समय रहते डॉक्टर की सलाह लेना और उचित जांच कराना सेहत के लिए जरूरी कदम हो सकता है.