एक फल विक्रेता का शव नाले में मिलने से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और आसपास व राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। जिसकी सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में नशे की हालत में नाले में गिरने से डूबकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है।
ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था
ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र के खाता रोड निवासी इरफान उर्फ गुड्डू फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह फल मंडी से माल खरीदने की बात कहकर घर से निकला था। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान लिसाड़ी रोड स्थित हबीबिया मस्जिद के पास नाले में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली।
पुलिस ने शव बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान इरफान के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, इरफान सुबह से घटनास्थल के पास नशे की हालत में बैठा था। कुछ देर बाद वह पीछे की ओर लेटा और संतुलन बिगड़ने से नाले में जा गिरा। लोगों का कहना है कि किसी का ध्यान नहीं गया, जिससे वह डूब गया। इरफान की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसके तीन छोटे बच्चे हैं।
मौत के कारणों की पुष्टि होगी
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश काम्बोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।