FSSAI Dabur Action : फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने डाबर इंडिया के कई फूड प्रोडक्ट्स पर सख्त कार्रवाई की है। रेगुलेटर ने कंपनी को उन सभी उत्पादों की बिक्री तुरंत रोकने का निर्देश दिया है, जिन पर 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% ऑर्गेनिक जैसे दावे किए गए हैं। साथ ही कंपनी से 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट भी मांगी गई है।
इन प्रोडक्ट्स पर लगा रोक का आदेश
FSSAI के निर्देश के दायरे में डाबर के कई उत्पाद शामिल हैं। इनमें ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर, ऑर्गेनिक शहद, होममेड नारियल का दूध, तिल का तेल और गाय का घी जैसे फूड आइटम शामिल हैं। इन उत्पादों पर किए गए 100% दावों को रेगुलेटर ने नियमों के अनुरूप नहीं माना है।
क्यों हुई कार्रवाई?
FSSAI के मुताबिक कंपनी द्वारा किए गए 100% वाले दावे स्पष्ट नहीं हैं और उनकी पुष्टि नहीं की जा सकती। रेगुलेटर का कहना है कि ऐसे दावों से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं। यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018 का उल्लंघन माना गया है। FSSAI ने यह भी बताया कि कंपनी को पहले भी ऐसे दावों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके थे।
ये भी पढ़ें : 16 अगस्त तक पूरा करें LPG e-KYC, नहीं तो घरेलू दर पर गैस सिलेंडर मिलने में होगी परेशानी
ऑर्गेनिक लोगो पर भी उठे सवाल
FSSAI ने आरोप लगाया कि डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक शहद पर जैविक भारत (Jaivik Bharat) लोगो का इस्तेमाल भी नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया। रेगुलेटर के अनुसार यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (ऑर्गेनिक फूड्स) रेगुलेशंस, 2017 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
FSSAI ने डाबर को निर्देश दिया है कि वह संबंधित सभी उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाए और 15 दिनों के भीतर उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट जमा करे। रेगुलेटर का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य भ्रामक दावों पर रोक लगाना और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।