UGC Scholarship 2026: ग्रेजुएशन के बाद आर्थिक तंगी की वजह से हायर एजुकेशन की पढ़ाई न कर पाने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। जी हां दरअसल, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर या होनहार छात्रों की मदद के लिए कई तरह की स्कॉलरशिप योजनाएं चलाता है। इस योजना के तहत छात्रों को अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए हर महीने वित्तीय सहायता दी जाती है।
स्कॉलरशिप का उद्देश्य
जो छात्र ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर चुके हैं और अब पोस्ट ग्रेजुएशन में एडमिशन लेना चाहते हैं, वे UGC के इस स्कॉलरशिप योजनाओं की मदद से अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं। इस स्कॉलरशिप योजना का मुख्य उद्देश्य उन छात्रों को आगे बढ़ाना है जो पैसों की कमी के कारण अपनी पीजी की पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं। इन योजनाओं के तहत छात्रों को हर महीने या सालाना आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे छात्रों को पढ़ाई का खर्च उठाना आसान हो जाता है।
नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज योजना
UGC की सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (NSPGS) है। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए है जिन्होंने अच्छे अंकों के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है और अब पोस्ट ग्रेजुएशन में एडमिशन लेना चाहते हैं। स्कॉलरशिप के तहत चुने गए छात्रों को हर महीने 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह सहायता दो साल तक मिलती है। हर साल हजारों छात्रों को इस योजना का लाभ दिया जाता है, जिससे वे बिना आर्थिक चिंता के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
यह भी पढ़ें: CBSE मामले में मोदी सरकार की बड़ी कार्रवाई, चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला
टॉप रैंक हासिल करने वालों के लिए स्कॉलरशिप
जो छात्र अपने कॉलेज या यूनिवर्सिटी में टॉप रैंक हासिल करते हैं, उनके लिए भी UGC ने विशेष योजना बनाई है। इस योजना का नाम पोस्ट ग्रेजुएट स्कॉलरशिप फॉर यूनिवर्सिटी रैंक होल्डर्स (URH) है। इसके तहत ग्रेजुएशन में पहला और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना के तहत छात्रों को हर महीने 3,100 रुपये की सहायता राशि मिलती है। यह राशि दो साल तक दी जाती है। जिससे छात्र अपना पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर ले। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
इंदिरा गांधी सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप
बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए UGC ने इंदिरा गांधी सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप शुरू की है। यह योजना उन छात्राओं के लिए है जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करना चाहती है। इस योजना के तहत छात्राओं को हर साल 36,200 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह स्कॉलरशिप दो साल के लिए मिलती है, जिसमें छात्राएं अपना पोस्ट ग्रेजुएशन आराम से पूरा कर लें। इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।