G20 Lavrov Photo Controversy : अमेरिका के अटलांटा में आयोजित G20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में इस बार एक ऐसी घटना हुई, जिसने कूटनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी। आमतौर पर इस तरह की अंतरराष्ट्रीय बैठकों में सभी देशों के प्रतिनिधि एक साथ खड़े होकर फैमिली फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन इस बार यह परंपरा पूरी तरह बदल गई। बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की मौजूदगी को लेकर कई प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई। हालात ऐसे बन गए कि संयुक्त तस्वीर लेने की योजना ही रद्द करनी पड़ी।
प्रतिनिधियों ने दी वॉकआउट की चेतावनी
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, दो पश्चिमी अधिकारियों ने बताया कि बैठक में शामिल एक-तिहाई से ज्यादा प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया था कि अगर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ संयुक्त तस्वीर ली गई तो वे वहां से बाहर चले जाएंगे। इस चेतावनी के बाद आयोजकों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई। एक तरफ G20 की औपचारिक परंपरा निभाने का सवाल था, तो दूसरी तरफ कई देशों के प्रतिनिधियों की नाराजगी को संभालना भी जरूरी था। ऐसे में फोटो सेशन को लेकर तनाव बढ़ने लगा।
अमेरिका ने बदला फोटो सेशन प्लान
शुरुआत में अमेरिका ने इस विवाद का समाधान निकालने के लिए दो अलग-अलग तस्वीरें लेने पर विचार किया था। योजना के मुताबिक, पहली तस्वीर में लावरोव शामिल होते और दूसरी तस्वीर उनके बिना ली जाती। हालांकि, बाद में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस विकल्प को भी छोड़ दिया। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, रुबियो को लगा कि तस्वीर को लेकर विवाद पूरी बैठक पर हावी हो सकता है और इससे महत्वपूर्ण चर्चाओं का माहौल प्रभावित होगा। इसलिए उन्होंने फैमिली फोटो की पूरी औपचारिकता रद्द करने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें : 1 अप्रैल से बदल सकती है जेब में रखे नोटों की पहचान, RBI की बड़ी तैयारी से जुड़ी पूरी कहानी
लावरोव ने प्रतिक्रिया देकर साधा निशाना
फोटो सेशन रद्द होने के मामले पर रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी सवाल किया गया। अटलांटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने इस घटनाक्रम को ज्यादा महत्व नहीं दिया। लावरोव ने कहा कि अगर कुछ देशों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे तस्वीर में कैसे दिखाई देंगे और उनके बगल में कौन खड़ा होगा, तो इससे उनकी सोच का पता चलता है। उनके इस बयान को फोटो विवाद पर पश्चिमी देशों की आपत्ति के जवाब के तौर पर देखा गया।
रुबियो से मुलाकात का भी किया जिक्र
लावरोव ने बैठक के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ हुई मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच थोड़ी देर बातचीत हुई और चर्चा अच्छी रही। इस घटनाक्रम के बीच संयुक्त तस्वीर का रद्द होना बैठक का एक प्रमुख चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, अमेरिका की ओर से फैसला लेने के पीछे मुख्य वजह यह बताई गई कि फोटो को लेकर पैदा हुआ विवाद G20 के वास्तविक एजेंडे और महत्वपूर्ण कूटनीतिक चर्चाओं पर हावी न हो।