धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। भारत को जीत के लिए सिर्फ 118 रन का लक्ष्य मिला था और बल्लेबाजों ने इसे हासिल करने में कोई देर नहीं लगाई। मैच लो-स्कोर था, लेकिन भारत का अंदाज़ बेहद आक्रामक रहा। टीम ने 15.5 ओवर में ही लक्ष्य चेज कर लिया और घरेलू भीड़ के बीच शानदार जीत दर्ज की। इस जीत ने पांच मैचों की सीरीज को बेहद रोमांचक बना दिया है, क्योंकि अब अफ्रीका पर दबाव बढ़ गया है और भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
साउथ अफ्रीका की पारी पस्त
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। पहली ही ओवर की चौथी गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स आउट हुए और दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक भी लौट गए। चौथे ओवर में देवाल्ड ब्रेविस के आउट होते ही अफ्रीका का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया। महज 3.1 ओवर में टीम 7 रन पर 3 विकेट खो चुकी थी। ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान एडेन मार्करम ने थोड़ी साझेदारी की, लेकिन स्टब्स भी 9 रन बनाकर चलते बने। मार्करम ने क्रीज पर टिककर शानदार 61 रन जरूर बनाए, पर दूसरे छोर से कोई बड़ी मदद नहीं मिली। डोनोवन फरेरा ने 20 रन जोड़े, लेकिन टीम अंतिम गेंद पर 117 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजों ने दिखाया दम
टीम इंडिया ने गेंदबाजी में भी पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। जसप्रीत बुमराह निजी कारणों से उपलब्ध नहीं थे, लेकिन उनकी कमी गेंदबाजों ने बिल्कुल महसूस नहीं होने दी। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लेकर अफ्रीका को बैकफुट पर ही रोके रखा। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने भी 1-1 विकेट हासिल किया। गेंदबाजों की सटीक लाइन और लगातार विकेट लेने की क्षमता ने अफ्रीका को बड़ा स्कोर बनाने नहीं दिया और भारत को आसान लक्ष्य मिला, जिसे चेज करना बेहद आसान रहा।
अभिषेक-गिल का तूफानी आगाज़
118 जैसे छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय ओपनर्स ने मैच को शुरुआत में ही अफ्रीका से दूर कर दिया। अभिषेक शर्मा ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और सिर्फ 18 गेंदों पर 35 रन जड़ दिए। दूसरी ओर शुभमन गिल के लिए यह मैच बेहद अहम था और उन्होंने भी 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों ने मिलकर सिर्फ 5 ओवर में 60 रन ठोक दिए, जिससे मैच का सस्पेंस खत्म हो गया। बाद में बाकी बल्लेबाजों ने आसानी से काम पूरा किया और भारत ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। भारत अब सीरीज में 2-1 से आगे है और अगला मैच निर्णायक मोड़ ला सकता है। टीम के आत्मविश्वास और फॉर्म को देखते हुए अफ्रीका पर दबाव बेहद बढ़ चुका है।