गंग नहर पुल से एक युवती ने नहर में छलांग लगा दी। यह देखकर आसपास के लोग युवती को बचाने के लिए नहर में कूद गए, लेकिन उसकी जान बचाने में विफल रहे। युवती के पास से पुलिस को एक बैग मिला है, जिसमें एक टिकट था। इस टिकट के आधार पर पुलिस युवती की पहचान में जुटी है और आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया है।
गंग नहर पुल के पास 22 वर्षीय युवती पहुंची
मंगलवार को जानी थाना क्षेत्र में गंग नहर पुल के पास 22 वर्षीय युवती पहुंची। युवती के पास काले रंग का बैग था। इससे पहले आसपास के लोग कुछ समझ पाते युवती बड़ी तेजी से पुल पर चढ़ी और गंग नहर में छलांग लगा दी। यह देखकर आसपास से लोग युवती के बचाने के लिए नहर में कूद गए। पानी का तेज बहाव होने के कारण बड़ी मुश्किल से लोगों ने युवती को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले आसपास के लोगों से युवती की पहचान कराने के प्रयास किया।
युवती की पहचान बाकी
पहचान नहीं होने पर पुलिस ने युवती के बैग की तलाशी ली तो उसमें से एक टिकट मिला, जो भैंसाली डिपो से टटीरी होते हुए जानी खुर्द तक का था। जानी थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया, युवती के शव को मोर्चरी भेज दिया है। टिकट के आधार युवती की पहचान के प्रयास किए जा रहे है। इस संबंध में आसपास के थानों के अलावा बागपत पुलिस को भी सूचना दी गई है। युवती की पहचान होने पर ही पता चलेगा कि उसने आत्महत्या क्यों की।