प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को गंगा एक्सप्रेसवे की बड़ी सौगात देते हुए हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास को नई गति देगी और कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे से यात्रा आसान होगी और लोग कम समय में कई धार्मिक व आर्थिक केंद्रों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इसका विस्तार मेरठ से हरिद्वार तक भी किया जाएगा।
सपा पर साधा तीखा निशाना
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उत्तर प्रदेश की प्रगति पसंद नहीं आ रही है और वे समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जनता से वोट लेने के बाद वही लोग संसद में उत्तर प्रदेश को बदनाम करने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं। उन्होंने महिला विरोधी राजनीति का आरोप लगाते हुए विपक्ष को घेरा।
ये भी पढ़ें : West Bengal Election 2026: दूसरे चरण की वोटिंग जारी, TMC के गढ़ में BJP की चुनौती
बंगाल वोटिंग का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल में चल रहे मतदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए बाहर निकल रहे हैं और भयमुक्त माहौल में वोट डाल रहे हैं। पीएम मोदी ने इसे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताया और बंगाल की जनता का आभार जताया। उन्होंने लोगों से मतदान प्रक्रिया खत्म होने तक इसी उत्साह के साथ भागीदारी जारी रखने की अपील की।
योगी ने भी विपक्ष पर बोला हमला
मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश जातिवाद, परिवारवाद और माफियाओं की जकड़न में फंसा हुआ था। योगी ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और विकास के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन अब सिर्फ विकास परियोजना नहीं, बल्कि राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।