ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दनकौर कस्बे के पीरवाला मोहल्ला निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह झाझर रोड पर नियमित गश्त के दौरान सुरेंद्र संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान सुरेंद्र ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से दनकौर कस्बे और आसपास के इलाकों में गांजा सप्लाई कर रहा था। उसने बताया कि घरेलू खर्च चलाने के लिए वह मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था।
नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।