जबलपुर में नाकाबंदी तोड़ी, पुलिस की जीप को मारी टक्कर, टोल नाके तक पीछा करने के बाद भी चकमा देकर निकले। मध्यप्रदेश के जबलपुर में गांजा तस्करी का एक मामला एकदम फिल्मी अंदाज में सामने आया है। बरगी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर जिले में प्रवेश करने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन तस्कर चेकिंग पॉइंट पर न केवल पुलिस को टक्कर मारते हुए फरार हुए, बल्कि पीछा किए जाने के बाद भी टोल नाके पर पुलिस को चकमा देकर निकल गए। हालांकि पुलिस ने तस्करों की कार को जब्त कर लिया और 63 किलो गांजा समेत कई अहम सबूत बरामद किए हैं।
चेकिंग प्वाइंट पर भिड़े तस्कर, टक्कर मारकर भागे
बरगी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तस्कर गांजा लेकर जबलपुर आ रहे हैं। पुलिस ने बरगी बायपास पर नाकाबंदी की। इस दौरान जैसे ही संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई, उसमें सवार बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी और फिर पुलिस की गाड़ी को भी धक्का देते हुए फरार हो गए।
फिल्मी अंदाज में पीछा, लेकिन टोल नाके पर भी चकमा
फरार तस्करों की कार का पुलिस ने दूसरी टीम के जरिए पीछा किया और टोल नाके तक उन्हें ट्रैक किया। लेकिन आरोपी वहां भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने मौके से उनकी कार को जब्त कर लिया, जिससे बड़ी मात्रा में गांजा और अन्य सबूत बरामद हुए हैं।
13 लाख कीमत का गांजा बरामद
पुलिस ने जब्त कार की तलाशी ली तो उसमें 63 किलो गांजा मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 13 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और कुछ दस्तावेज भी मिले हैं, जो जांच में अहम साबित हो सकते हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद ली जा रही है।