Rent A Garba Partner: नवरात्रि आते ही गरबा और डांडिया की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। नए कपड़े, मेकअप और डांस की तैयारी तो हो जाती है, लेकिन जिन लोगों का कोई गरबा पार्टनर नहीं होता, उनका क्या? इसी परेशानी का सोशल मीडिया पर ऐसा मजेदार हल सामने आया है, जिसे देखकर लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। एक वायरल पोस्ट में गरबा पार्टनर को किराए पर देने के अलग-अलग पैकेज बताए गए हैं। इसमें सिर्फ गरबा करने वाला पार्टनर ही नहीं, बल्कि मैचिंग कपड़े, फोटो, रील और घर छोड़ने तक की सुविधा शामिल है।
1000 रुपये से शुरू है पूरा मामला
वायरल पोस्ट में गरबा पार्टनर के लिए तीन पैकेज दिखाए गए हैं। सबसे सस्ता सिल्वर पैकेज 1000 रुपये का है। इसमें दो घंटे तक गरबा करने के साथ मैचिंग कपड़े, गरबा के बेसिक स्टेप्स और सेल्फी जैसी चीजें शामिल हैं। यानी जिन लोगों को डांस के साथ फोटो का भी शौक है, उनके लिए इसमें काफी कुछ रखा गया है।
1500 रुपये में रील और फोटो भी
इसके बाद आता है गोल्ड पैकेज, जिसकी कीमत 1500 रुपये बताई गई है। इसमें चार घंटे तक गरबा करने के अलावा मैचिंग कपड़े, रील और इंस्टाग्राम के लिए फोटो का भी जिक्र है। इतना ही नहीं, पोस्ट में दोस्तों के सामने पार्टनर को भाई-भाभी कहने वाला मजेदार विकल्प भी दिया गया है।
2000 रुपये वाला पैकेज सबसे अलग
सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है प्लैटिनम पैकेज, जिसकी कीमत 2000 रुपये है। इसमें पूरे दिन गरबा, डांस स्टेप्स में मदद, दुपट्टा और झुमके संभालने से लेकर गरबा खत्म होने के बाद घर तक छोड़ने की बात कही गई है। यानी पैकेज को पढ़कर ऐसा लगता है जैसे आयोजक ने गरबा की पूरी परेशानी एक ही जगह खत्म करने की कोशिश की हो।
इंटरनेट पर लोगों ने खूब लिए मजे
पोस्ट वायरल होते ही लोगों ने कमेंट में अपनी-अपनी बातें शुरू कर दीं। किसी ने मजाक में लिखा कि सिल्वर में गरबा, गोल्ड में रिश्ता और प्लैटिनम में शादी भी जोड़ देनी चाहिए। किसी ने 2000 रुपये में पूरे दिन वाली सुविधा को शानदार ऑफर बताया। कुछ यूजर्स ने तो खाने को भी पैकेज में जोड़ने की मांग कर डाली।
सिंगल लोगों के लिए नवरात्रि का नया जुगाड़
इस पोस्ट की सबसे मजेदार बात यही है कि गरबा पार्टनर की कमी को भी अब एक मजेदार बिजनेस आइडिया की तरह पेश किया गया है। हालांकि वायरल पोस्ट को देखकर यह साफ नहीं कहा जा सकता कि यह सेवा वास्तव में कितनी गंभीरता से शुरू की गई है। फिलहाल इंटरनेट पर लोग इसे लेकर खूब मजे ले रहे हैं और अपने सिंगल दोस्तों को भी टैग कर रहे हैं।