नोए़़डा के सेक्टर-58 के सामने जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान पीएनजी गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप लाइन टूटते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग लग गई। आग की लपटें दो से तीन फीट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
आग पर नियंत्रण पाया जा सका
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। इस बीच आईजीएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस पाइप लाइन की सप्लाई बंद कर दी, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर दिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं, प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए निर्माण कार्य शुरू करने से पहले गैस और बिजली की लाइनों की जानकारी अनिवार्य रूप से ली जाएगी। यह घटना एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करती है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है। प्राधिकरण ने ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों को चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।