.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Da9c24efc-e38d-47ae-8ce1-dcead734d5fb&w=3840&q=75)
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के कुशल नेतृत्व में मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत थाना सेक्टर-63 परिसर में महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल के लिए एक आधुनिक क्रेच (शिशुगृह) का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को उनके बच्चों के लिए सुरक्षित और सहयोगी वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
यह क्रेच बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करता है, जहां उनकी देखभाल, शिक्षा, पोषण और खेल-कूद की व्यवस्था की गई है। क्रेच में बच्चों की आयु के अनुरूप आधुनिक संसाधन, शैक्षिक सामग्री, खेल उपकरण और मनोरंजन के साधन उपलब्ध हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देंगे। यह पहल महिला पुलिसकर्मियों की पारिवारिक जिम्मेदारियों को कम करने के साथ-साथ उन्हें पेशेवर दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।
उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा, “यह क्रेच बच्चों की समुचित देखभाल का केंद्र बनेगा और महिला पुलिसकर्मियों में आत्मविश्वास का संचार करेगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर अपने कर्मियों और उनके परिवारों की सुविधा व कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।” इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को उपहार भी वितरित किए।
मिशन शक्ति अभियान का लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है।