टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया को अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से होगा। मुकाबले से एक दिन पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर कालीघाट मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां काली के दर्शन कर टीम की जीत की कामना की। यह मैच भारतीय टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
क्वार्टर फाइनल जैसा मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है। जो टीम जीतेगी, वही सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। हारने वाली टीम का टूर्नामेंट से सफर खत्म हो जाएगा। ऐसे में दबाव दोनों तरफ है। टीम इंडिया जानती है कि यहां किसी भी तरह की ढिलाई भारी पड़ सकती है।
वेस्टइंडीज की मजबूत शुरुआत
वेस्टइंडीज ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। ग्रुप स्टेज में टीम ने एक भी मैच नहीं गंवाया और शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची। सुपर-8 में उसने जिम्बाब्वे को हराया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका से हार झेलनी पड़ी। इसके बावजूद कैरेबियाई टीम का आत्मविश्वास ऊंचा है।
भारत की स्थिति भी समान
टीम इंडिया का सफर भी लगभग ऐसा ही रहा है। भारत को सुपर-8 में सिर्फ दक्षिण अफ्रीका से हार मिली। बाकी मुकाबलों में टीम ने संतुलित खेल दिखाया। दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के कारण अब यह मुकाबला निर्णायक बन गया है।
इसे भी पढ़ें : Iran-Israel तनाव के बीच बड़ा सवाल, क्या भारत-ईरान व्यापार पर पड़ेगा असर, जानिए रिश्तों की असली ताकत
कहां है वेस्टइंडीज की कमजोरी
विशेषज्ञों का मानना है कि वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी मजबूत है, लेकिन गेंदबाजी उतनी प्रभावी नहीं दिखी। भारतीय टीम इसी कमजोरी को निशाना बनाने की कोशिश करेगी। अगर भारत शुरुआती ओवरों में दबाव बना सका तो मुकाबला उसके पक्ष में जा सकता है।
पुरानी हार का हिसाब?
भारतीय टीम के पास 2016 के टी20 विश्व कप की हार का बदला लेने का भी मौका है, जब वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हराया था। अब कोलकाता की जमीन पर टीम इंडिया के पास इतिहास बदलने का अवसर है। रविवार की शाम तय करेगी कि कौन आगे बढ़ेगा और किसका सपना यहीं थमेगा।