Gautam Rangaraja Given a Big Responsibility: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने भारतीय मूल के रणनीतिकार और मीडिया विशेषज्ञ गौतम रंगराजन को सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। रंगराजन को स्ट्रक्चर और प्रोसेस से जुड़े मामलों में एक्सपर्ट एडवाइजर नियुक्त किया गया है। उनकी भूमिका सरकार की नीतियों को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए प्रक्रियाओं और ढांचे को मजबूत करने की होगी। लंबे समय तक बीबीसी में काम कर चुके रंगराजन के पास रणनीति, मीडिया और संस्थागत बदलाव का लंबा अनुभव है।
बीबीसी में तीन दशक का अनुभव
गौतम रंगराजन ने अपने करियर की शुरुआत अक्टूबर 1993 में बीबीसी रेडियो क्लासिकल म्यूजिक में ट्रेनी प्रोड्यूसर के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने बीबीसी रेडियो 3 में करीब छह साल तक प्रोड्यूसर के रूप में काम किया। वर्ष 2001 में उन्हें एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बनाया गया। 2003 में उन्हें स्ट्रैटेजी मैनेजर की जिम्मेदारी मिली और आगे चलकर उन्होंने बीबीसी में स्ट्रैटेजी हेड के तौर पर भी काम किया।
रणनीति और परफॉर्मेंस में निभाई अहम भूमिका
रंगराजन को मई 2009 में बीबीसी कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी का कंट्रोलर बनाया गया। इसके बाद मई 2013 में उन्हें स्ट्रैटेजी और परफॉर्मेंस का ग्रुप डायरेक्टर नियुक्त किया गया। इस भूमिका में उन्होंने संगठन की रणनीति और प्रदर्शन से जुड़े महत्वपूर्ण काम संभाले। उनके पास मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक का अनुभव बताया जाता है।
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई
गौतम रंगराजन ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से म्यूजिक में बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एफटी बोर्ड डायरेक्टर प्रोग्राम के तहत नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का डिप्लोमा भी किया है। रणनीतिक योजना और बड़े संस्थानों में बदलाव लागू करने के अनुभव के चलते उनकी नई भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी देखेंःसंसद के आखिरी दिन भी नहीं थमा संग्राम, हंगामे के बीच लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
भारतीय मूल के कनिष्क नारायण भी सरकार में
ब्रिटेन की नई सरकार में भारतीय मूल के एक अन्य नेता कनिष्क नारायण भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वेल्स से लेबर पार्टी के सांसद नारायण को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह कीर स्टारमर की सरकार में एआई और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं।
बिहार में जन्मे हैं कनिष्क नारायण
कनिष्क नारायण का जन्म बिहार में हुआ था और वह 12 साल की उम्र में ब्रिटेन के कार्डिफ चले गए थे। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और बाद में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया। ब्रिटेन सरकार में भारतीय मूल के लोगों को मिल रही इन अहम जिम्मेदारियों को दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों के नजरिए से भी देखा जा रहा है।