गाजा युद्ध को लेकर एक बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हमास के हथियार छोड़ने और गाजा पट्टी से इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर एक अहम समझौता हुआ है। प्रस्तावित योजना के तहत हमास अपने हथियार अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल को सौंपेगा और इसके बाद गाजा में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि, समझौते के पूरी तरह लागू होने के लिए सभी पक्षों की औपचारिक मंजूरी जरूरी होगी।
हमास करेगा हथियार सरेंडर, अंतरराष्ट्रीय बल संभालेगा सुरक्षा
ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते के तहत हमास अपने हथियारों को एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल को सौंपेगा। करीब 5 हजार सदस्यों वाली इस फोर्स की निगरानी एक अमेरिकी जनरल करेंगे। निशस्त्रीकरण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, जिसमें कई महीने लग सकते हैं।समझौते के तहत गाजा में मौजूद सुरंगों के नेटवर्क को भी निष्क्रिय करने की योजना बनाई गई है। हथियारों का पूरी तरह सरेंडर होने के बाद इजरायली सेना गाजा से धीरे-धीरे पीछे हटना शुरू करेगी।
14 दिनों के भीतर शुरू हो सकती है समझौते की प्रक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए इस समझौते की जानकारी देते हुए इसे गाजा में स्थायी शांति की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उनके अनुसार, सभी पक्षों की मंजूरी मिलने के 14 दिनों के भीतर समझौते को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।ट्रंप ने कहा कि योजना को बेहद सावधानी के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता कायम की जा सके।
हमास ने भी जताई सहमति, रखीं कुछ शर्तें
हमास की ओर से भी इस रोडमैप पर सहमति जताने की बात कही गई है। हालांकि, संगठन ने कहा है कि समझौते को लागू करने से पहले इजरायल को भी अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करनी होंगी।हमास की मांग है कि इजरायल सैन्य कार्रवाई रोके और गाजा से अपनी सेना वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू करे। दोनों पक्षों के बीच आगे की बातचीत के बाद ही समझौते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
गाजा में बनेगी नई फिलिस्तीनी सरकार
समझौते के प्रस्ताव के अनुसार गाजा में एक नई तकनीकी फिलिस्तीनी सरकार का गठन किया जाएगा। यह सरकार प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेगी और अंतरराष्ट्रीय बोर्ड ऑफ पीस तथा नई पुलिस व्यवस्था के साथ मिलकर काम करेगी।अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल नई फिलिस्तीनी पुलिस को प्रशिक्षण देगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने में मदद करेगा। इसके बाद गाजा का प्रशासन स्थानीय सरकार और पुलिस के हाथों में सौंपने की योजना है।
इजरायल की सेना हटने के बाद शुरू होगा पुनर्निर्माण
प्रस्तावित योजना के अनुसार हमास के पूर्ण निशस्त्रीकरण के बाद इजरायली सेना गाजा से पीछे हटेगी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बल और फिलिस्तीनी प्रशासन मिलकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
योजना में गाजा के पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। हालांकि, इस समझौते की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सभी पक्ष अपनी तय शर्तों और जिम्मेदारियों को किस तरह पूरा करते हैं।