Health Helpline Numbers: अगर आपको इलाज से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना है या कोई मेडिकल सलाह चाहिए, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार ने आम जनता की मदद के लिए खास हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिसकी मदद से आपको घर बैठे योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य सहायता मिल सकती है। तो आइए उन नंबरों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी जानकारी
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना यानी AB-PMJAY से जुड़ी जानकारी के लिए 14555 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। यह एक टोल फ्री नेशनल हेल्पलाइन नबंर है, जो 24 घंटे और सातों दिन काम करता है। इस नंबर पर कॉल करके आप यह जान सकते हैं कि आप या आपका परिवार इस योजना के तहत मुफ्त इलाज के लिए पात्र है या नहीं।
आयुष्मान कार्ड में दिक्कत हो तो यहां करें कॉल
इसके अलावा आप आस-पास के उन सरकारी या प्राइवेट अस्पतालों का पता लगा सकते हैं, जहां आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज होता है। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने, डाउनलोड करने या कार्ड काम न करने पर मदद ले सकते हैं। अगर कोई अस्पताल इलाज करने से मना करे या पैसे मांगे, तो इसकी शिकायत भी इसी नंबर पर दर्ज कराई जा सकती है।
1800-111-565 भी है वैकल्पिक नंबर
अगर किसी वजह से 14555 शॉर्टकोड नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सहायता के लिए 1800-111-565 पर भी कॉल किया जा सकता है. यह वैकल्पिक टोल-फ्री नंबर है।
यह भी पढ़ें: Health Tips: गले में कफ और खराश की समस्या से हैं परेशान? अपनाएं ये असरदार उपाय; दूर होगी परेशानी
राज्यों के लिए स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर
राज्यों में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल सलाह के लिए 104 नंबर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसे राज्य के स्वास्थ्य विभाग और नेशनल हेल्थ मिशन के तहत चलाया जाता है। कई राज्यों में यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहती है। हालांकि इसकी सटीक उपलब्धता और सेवाएं राज्य के नियमों के अनुसार थोड़ी अलग हो सकती है। इसके जरिए आम लोग घर बैठे स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और डॉक्टर जैसी मेडिकल सलाह ले सकते हैं।