Driving License Rules: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की तैयारी कर रहे हैं या अपने पुराने लाइसेंस में नाम-पता बदलवाना चाहते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कई नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। नए प्रस्ताव में जहां कुछ कामों के लिए फीस में छूट मिल सकती है, वहीं सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ा टेस्ट पहले से ज्यादा मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा लाइसेंस के रंग, जरूरी जानकारी और आवेदन की प्रक्रिया में भी बदलाव का प्रस्ताव है। चलिए जानते हैं क्या-क्या बदल सकता है।
बदल सकता है ड्राइविंग लाइसेंस का रंग और रूप
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ड्राइविंग लाइसेंस के नए प्रारूप का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत नया लाइसेंस या पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने पर लेमिनेटेड या पीवीसी कार्ड दिया जाएगा। भारतीय और विदेशी नागरिकों के लाइसेंस के लिए अलग-अलग प्रारूप और रंग तय किए जा सकते हैं। इससे दोनों तरह के लाइसेंस की पहचान करना आसान होगा। लाइसेंस पर कुछ नई जानकारियां जोड़ने का भी प्रस्ताव है।
अब टेस्ट पास करना होगा ज्यादा मुश्किल
नए प्रस्ताव में सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े ऑनलाइन पाठ के टेस्ट को पहले से कठिन बनाने की तैयारी है। अभी इस टेस्ट में पास होने के लिए 60 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जिसे बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। साथ ही, सुरक्षित ड्राइविंग का पाठ कम से कम 30 मिनट का होना जरूरी हो सकता है। इससे लाइसेंस लेने वालों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की बेहतर जानकारी देने की कोशिश की जाएगी।
नाम और पता बदलवाने पर मिलेगी राहत
अगर आपके ड्राइविंग लाइसेंस में नाम या पता गलत है, तो उसे ठीक करवाना आसान हो सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक, लाइसेंस में निजी जानकारी बदलने के आवेदन पर संबंधित अधिकारी को 15 दिनों के अंदर फैसला लेना होगा। आवेदन मंजूर या खारिज करने की जानकारी भी देनी होगी। अगर आवेदन खारिज होता है, तो उसकी वजह बताना जरूरी होगा। कुछ मामलों में फीस भी खत्म करने का प्रस्ताव है।
इन दस्तावेजों से कर सकेंगे आवेदन
लाइसेंस बनवाने के लिए पहचान, उम्र और पते के सबूत से जुड़े दस्तावेजों की सूची में आधार कार्ड, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, ई-राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज शामिल किए गए हैं। इसके अलावा, तीन महीने से ज्यादा पुराना नहीं होना चाहिए वाला बिजली या घरेलू गैस का बिल भी पते के सबूत के तौर पर स्वीकार किए जाने का प्रस्ताव है। आवेदन करते समय जरूरी दस्तावेजों की सही जानकारी रखना जरूरी होगा।
अभी लागू नहीं हुए हैं नए नियम
ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े ये बदलाव फिलहाल प्रस्तावित हैं, लागू नियम नहीं। मंत्रालय ने प्रस्ताव पर लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके लिए अधिसूचना के सार्वजनिक होने के बाद 30 दिनों का समय दिया गया है। सुझावों पर विचार करने के बाद ही नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसलिए फिलहाल लाइसेंस बनवाने या उसमें बदलाव कराने से पहले मौजूदा नियमों के अनुसार ही प्रक्रिया पूरी करें।