Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद के घंटाघर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तीन मंजिला जूते के शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बंद होने से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय आग लगी उस दिन मंगलवार होने के कारण शोरूम बंद था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकान खुली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने भगवान का शुक्र अदा करते हुए कहा कि इस घटना में केवल आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि किसी की जान नहीं गई।
यह भी देखेंःRam Mandir Offering Case: राम मंदिर चढ़ावा मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन आरोपी रिमांड पर
11 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर बाद आग लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली घंटाघर, साहिबाबाद और अन्य फायर स्टेशनों से कुल 11 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग मुख्य रूप से शोरूम की ऊपरी मंजिल तक सीमित रही, जिससे नीचे के हिस्से और आसपास की इमारतों को सुरक्षित बचा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। आग से शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में जूतों और अन्य सामान का नुकसान हुआ है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।