
वो कहते हैं न, आग अगर बुझी नहीं तो राख से भी शोला बन जाती है और कुछ ऐसा ही हुआ गाजियाबाद में, जहां शालीमार गार्डन इलाके की वही लड़की, जिसने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री अमित शाह पर टिप्पणी कर विवाद खड़ा किया था, अब फिर सुर्खियों में है. उसका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो न सिर्फ पुराने बयान पर कायम दिखती है, बल्कि चुनौती भरे लहजे में कहती है मुझे किसी से डर नहीं है, ना मैं कहीं गई, ना जेल गई. उसके इस बयान ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने विवाद के बाद भी वो इस तरह के बयान कैसे दोहरा सकती है.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
लड़की के इस नए वीडियो ने सोशल मीडिया पर माहौल गरमा दिया है. लोगों का कहना है कि इस तरह की बातें समाज में असहजता पैदा कर सकती हैं. वीडियो में लड़की का लहजा और भी आक्रामक नजर आ रहा है और यही वजह है कि योगी समर्थकों का गुस्सा बढ़ गया है. ट्विटर (अब एक्स) पर लगातार ट्रेंड चल रहा है और यूजर्स कह रहे हैं कि कानून सबके लिए समान है, ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाया जाना चाहिए. कई यूजर्स ने लिखा कि ये सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन दोनों के लिए एक गंभीर चुनौती है.
स्थानीय लोगों की नाराजगी
इलाके के लोगों ने भी इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार ऐसे वीडियो सामने आने से माहौल खराब होता है और प्रशासन को इस बार गंभीरता दिखानी चाहिए. कई लोगों ने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह प्रवृत्ति बढ़ सकती है. पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिससे लोगों में सवाल उठ रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया पर भी यही चर्चा है कि कानून को इस बार अपनी सख्ती दिखानी होगी ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के बयान देने से पहले दस बार सोचें.
अब सबकी निगाहें योगी सरकार पर
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगे क्या होगा, क्या इस बार प्रशासन सख्त कदम उठाएगा या मामला फिर सिर्फ बहस तक सीमित रहेगा, सोशल मीडिया पर लोग मांग कर रहे हैं कि इस बार ऐसा उदाहरण पेश किया जाए जिससे कानून का सम्मान कायम रहे. कई यूजर्स ने लिखा अगर इस बार एक्शन नहीं हुआ, तो ये सिलसिला रुकने वाला नहीं.