DIY Ghungroo Saree : आजकल घुंघरू वाली साड़ी काफी पसंद की जा रही है. साड़ी के किनारे या पल्लू पर लगे छोटे-छोटे घुंघरू पूरे लुक को अलग और आकर्षक बना देते हैं. अगर आप भी इस तरह की साड़ी पहनना चाहती हैं, लेकिन बाजार में इसकी कीमत ज्यादा लग रही है, तो इसे घर पर कम खर्च में तैयार किया जा सकता है. इसके लिए आपको महंगे सामान की जरूरत नहीं होगी.
पुरानी साड़ी से बनाएं नया डिजाइन
घर में रखी कोई सादी या हल्की बॉर्डर वाली साड़ी इसके लिए इस्तेमाल की जा सकती है. कॉटन, जॉर्जेट या शिफॉन जैसी साड़ी पर घुंघरू आसानी से लगाए जा सकते हैं। अगर साड़ी की बॉर्डर थोड़ी चौड़ी है तो उस पर घुंघरुओं को सजाना और भी आसान रहेगा.
बाजार से लाएं छोटे घुंघरू
इस DIY साड़ी के लिए छोटे आकार के घुंघरू, मजबूत धागा और सुई की जरूरत होगी. घुंघरू आपको किसी भी लोकल आर्ट एंड क्राफ्ट या एक्सेसरीज की दुकान पर कम कीमत में मिल सकते हैं। आप अपनी पसंद के अनुसार गोल्डन, सिल्वर या ऑक्सीडाइज्ड घुंघरू चुन सकती हैं.
ये भी पढ़ें - Karwa Chauth Outfit Ideas: फर्शी सलवार का बढ़ा ट्रेंड, ऐसे स्टाइल करें तो मिलेगा रॉयल और ट्रेडिशनल लुक
ऐसे लगाएं घुंघरू
सबसे पहले साड़ी को समतल जगह पर फैलाकर उसकी बॉर्डर तय कर लें. अब एक समान दूरी रखते हुए घुंघरुओं को धागे की मदद से सिलना शुरू करें। आप इन्हें केवल पल्लू पर या पूरी बॉर्डर पर लगा सकती हैं। ज्यादा घुंघरू लगाने के बजाय थोड़ी दूरी पर इन्हें लगाएं, इससे साड़ी ज्यादा भारी भी नहीं लगेगी और डिजाइन भी खूबसूरत दिखाई देगा.
लुक को ऐसे करें पूरा
घुंघरू साड़ी के साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चूड़ियां और सिंपल ब्लाउज अच्छा कॉम्बिनेशन बना सकते हैं. फेस्टिवल, पूजा या छोटे फंक्शन के लिए यह बजट-फ्रेंडली आइडिया काफी काम आ सकता है. इस तरह घर की पुरानी साड़ी को नया रूप देकर कम खर्च में ट्रेंडी आउटफिट तैयार किया जा सकता है.