नोएडा में अब शहर में घुसते ही सबसे पहले एक विशाल 3D शेर आपका स्वागत करेगा। गुरुवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में महामाया फ्लाईओवर के ठीक पास नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भव्य 3D शेर की मूर्ति लगाने के सख्त निर्देश दिए। यह मूर्ति नोएडा के मुख्य प्रवेश द्वार को और भी आकर्षक और गौरवपूर्ण बनाएगी। सीईओ ने अधिकारियों से कहा कि इस काम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द शुरू हो। इसके साथ ही शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने की बड़ी मुहिम भी तेज हो गई है।
क्लॉक टावर के काम में तेजी लाने को कहा गया
बैठक में वेदवन पार्क, औषधि पार्क सेक्टर-91, बायोडायवर्सिटी पार्क, दोनों वेटलैंड, मेघदूतम पार्क सेक्टर-50 और डॉग पार्क के कायाकल्प के लिए जल्द एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट निकालने के आदेश दिए गए। औषधि पार्क में बनी दुकानें शीघ्र शुरू होंगी। सेक्टर-38ए और सेक्टर-128 में चल रहे क्लॉक टावर के काम में तेजी लाने को कहा गया है।
वैज्ञानिक तरीके से छंटाई होगी
सभी रोटरियों और तिकोनियों को सजाने के लिए नए म्युरल और स्कल्पचर लगेंगे। सेक्टर-10 व 12 के चौराहों से पुराने खराब स्कल्पचर हटाकर नए लगाए जाएंगे। जैपनीज पार्क का मुख्य द्वार अब पूरी तरह जापानी गेट-वे स्टाइल में बनेगा। डी-पार्क और सेक्टर-108 की ग्रीन बेल्ट में बन रहे तालाबों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। जहाँ पेड़ों की वजह से रात में अंधेरा रहता है, वहाँ वैज्ञानिक तरीके से छंटाई होगी।
शेर की दहाड़ के साथ नोएडा नई पहचान बनाने जा रहा
पर्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे प्रस्तावित अंडरपास का डिजाइन भी जल्द तैयार होगा। सीईओ डॉ लोकेश एम ने साफ कहा कि नोएडा को देश का सबसे सुंदर और हरा-भरा शहर बनाने का लक्ष्य है। आने वाले कुछ महीनों में शहर की सड़कें, पार्क और चौराहे पूरी तरह बदल जाएंगे। शेर की दहाड़ के साथ नोएडा नई पहचान बनाने जा रहा है।