मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने नाले में बोरे में मिले प्रोपर्टी डीलर के शव के मामले का खुलासा कर दिया है। महिला ने नए प्रेमी के साथ मिलकर पुराने पे्रमी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने महिला व उसके आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर दिया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक फरवरी रविवार को सरवट फाटक के पास नाले में एक युवक का शव बोरे में पडा मिला था, जिसकी शिनाख्त जनपद के थाना पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम हरिनगर निवासी जीवन उर्फ संजीव के रुप में हुई थी। हत्या के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में सादिक व सोनिया पत्नी रोहित निवासीगण गांव हरसौली थाना शाहपुर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जीवन उर्फ संजीव का गिरफ्तार महिला सोनिया से पिछले करीब 12 साल से संपर्क बना हुआ था। आरोपी सोनिया के मामा हरिनगर में रहते है। इसी कारण उसका गांव में आना जाना रहता था।
इसी बीच आरोपी सोनिया के संबंध गांव हरसौली निवासी सादिक के साथ हो गए। आरोपी सादिक को जीवन उर्फ संजीव का सोनिया से मिलना पसंद नही था। जबकि जीवन सोनिया को छोडना नहीं चाहता था। इसी कारण सादिक ने सोनिया के साथ मिलकर जीवन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। साजिश के तहत आरोपी महिला को उसके प्रेमी ने सरवट में किराए का मकान दिलाया। 31 जनवरी को आरोपी महिला ने साजिश के तहत जीवन को किराए के मकान में बुलाया। वह अपने साथी दीपक के साथ मिलने के लिए महिला से आया था। महिला सोनिया गली में आकर उसे अकेले ही अपने किराए के मकान में ले गयी।
सोनिया व जीवन जब मकान में अकेले थे तो उसी समय छिपे हुए सादिक ने जीवन के गले में रस्सी डालकर उसका गला घोट दिया, जबकि सोनिया ने विरोध कर रहे जीवन उर्फ संजीव के हाथ तब तक पकड़े रखे जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। उसके बाद दोनों ने शव को कपडे में बांधकर मकान के पीछे की ओरी बने नाले में फेंक दिया और सामान लेकर फरार हो गए। दीपक से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश देकर हत्या के आरोपी सोनिया व सादिक को गिरफ्तार कर लिया पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सादिक गोवा में सिलाई का काम करता है।