सिंपल लौकी को दीजिये खास स्वाद : लौकी को अक्सर हल्की और साधारण सब्जी माना जाता है, लेकिन थोड़ी सी मेहनत और सही मसालों के साथ इसे बेहद स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. अगर आप रोज़ की सब्जी से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो लौकी के कोफ्ते एक बेहतरीन विकल्प हैं. यह डिश खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है और रोटी, पराठे या चावल के साथ खूब पसंद की जाती है.
कोफ्ते बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कोफ्तों के लिए एक मध्यम आकार की लौकी, बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा सा हरा धनिया लें. तलने के लिए तेल रखें. ग्रेवी के लिए प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक, थोड़ा दही या क्रीम (वैकल्पिक) और तेल की जरूरत होगी.
ऐसे तैयार करें कोफ्ते
सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें। इसमें मौजूद अतिरिक्त पानी को हल्का सा निचोड़ लें, लेकिन उसे फेंके नहीं, क्योंकि बाद में ग्रेवी में इस्तेमाल किया जा सकता है. अब कद्दूकस की हुई लौकी में बेसन, नमक, मसाले, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार करें। अगर मिश्रण ज्यादा पतला लगे तो थोड़ा और बेसन मिला सकते हैं. कड़ाही में तेल गर्म करें और मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बनाकर सुनहरा होने तक तल लें। तैयार कोफ्तों को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें.
स्वादिष्ट ग्रेवी बनाने का तरीका
एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें। इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ सेकंड पकाएं। फिर टमाटर और सभी सूखे मसाले मिलाकर तब तक भूनें, जब तक मसालों से तेल अलग न होने लगे. अब जरूरत के अनुसार पानी और बचा हुआ लौकी का पानी मिलाएं। चाहें तो इसमें थोड़ा दही या क्रीम भी डाल सकते हैं, जिससे ग्रेवी का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। ग्रेवी को कुछ मिनट तक पकने दें.
अंत में ऐसे करें सर्व
जब ग्रेवी अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब उसमें तले हुए कोफ्ते डालें और 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. गरमा-गरम लौकी के कोफ्ते रोटी, नान, पराठे या सादे चावल के साथ परोसें। अगर मेहमान घर आने वाले हों या परिवार के लिए कुछ खास बनाना हो, तो यह आसान और स्वाद से भरपूर रेसिपी आपके खाने का स्वाद बढ़ा सकती है.