No Sugar Challenge: आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक हो रहे हैं। इसी लिस्ट में इन दिनों 'नो शुगर चैलेंज' काफी ट्रेंड में है। अगर आप 30 दिनों के लिए चीनी खाना बिल्कुल छोड़ देते हैं, तो इससे आपके स्वास्थ्य पर काफी बदलाव देखने को मिल सकता है। बता दें, ज्यादा चीनी खाने की आदत मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज, हार्ट रोग और फैटी लिवर जैसी कई गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ा सकती है। तो आइए जानते हैं 30 दिनों तक चीनी छोड़ने के क्या-क्या फायदे होते हैं।
किन चीजों से बनाएं दूरी
इस चैलेंज का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप फल, सब्जियां या दूध जैसी प्राकृतिक चीजों को खाना बंद कर दें। इसमें आपको सिर्फ उन चीजों से दूरी बनानी होती है जिनमें ऊपर से चीनी मिलाई जाती है, जैसे कोल्ड ड्रिंक्स और पैक्ड जूस, मिठाइयां, कैंडी, केक और कुकीज, फ्लेवर्ड दही और बाजार की सॉस से दूरी बनानी चाहिए। इसकी जगह डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, अंडे, मछली और ड्राई फ्रूट्स जैसी हेल्दी चीजें शामिल करनी चाहिए।
डायबिटीज पर कंट्रोल
हेल्थ एक्सपर्ट्स और रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर आप लगातार एक महीने तक एक्स्ट्रा चीनी से दूर रहते हैं, तो सबसे पहले इसका फायदा ब्लड शुगर पर देखने को मिल सकता है। ज्यादा मीठा खाने से शरीर में इंसुलिन का संतुलन बिगड़ता है, जिससे टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। 30 दिन चीनी न खाने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से सुधरता है।
वजन घटाने में मददगार
मीठी चीजों में कैलोरी बहुत ज्यादा होती है, जबकि फाइबर और प्रोटीन कम होते हैं। जब आप चीनी छोड़ते हैं, तो शरीर की एक्स्ट्रा कैलोरी कम होती है, जिससे वजन आसानी से कंट्रोल होने लगता है।
दांतों के लिए फायदेमंद
मुंह के बैक्टीरिया चीनी को एसिड में बदल देते हैं, जो दांतों को सड़ाता है। मीठा बंद करने से कैविटी और सड़न की समस्या से छुटकारा मिलता है।
यह भी पढ़ें: FSSAI Notice: भ्रामक मार्केटिंग पर FSSAI सख्त, Red Bull और Sting समेत कई बड़े ब्रांड्स को थमाया नोटिस
लिवर और दिल के लिए वरदान
ज्यादा चीनी खाने से फैटी लिवर की समस्या हो सकती है. इसके अलावा, चीनी का सीधा असर हाई ब्लड प्रेशर, बढ़े हुए ट्राइग्लिसराइड्स और खराब कोलेस्ट्रॉल पर भी पड़ता है, जो आगे चलकर हार्ट रोग का जोखिम बढ़ा सकती हैं। चीनी छोड़ने से दिल और लिवर दोनों की सेहत में बड़ा सुधार आता है।
दिनभर बनी रहेगी एनर्जी
अक्सर मीठा खाने के तुरंत बाद तो शरीर में ताकत महसूस होती है, लेकिन थोड़ी ही देर में थकान होने लगती है। जब आप चीनी की जगह फल, सब्जियां और प्रोटीन खाते हैं, तो शरीर को लंबे समय तक और एक समान ऊर्जा मिलती रहती है।