
Causing Panic in Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बदरीनाथ के पास कुबेर पर्वत से एक विशाल ग्लेशियर टूट गया। ग्लेशियर का यह हिस्सा कंचनगंगा नाले में आ गया, जिससे इलाके में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्लेशियर को टूटते हुए देखा जा सकता है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि या नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर अलर्ट मोड पर हैं।
प्राकृतिक घटना
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हिमस्खलन बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से कई सौ मीटर ऊपर ही रुक गया। उन्होंने कहा कि यह घटना ऊपरी हिमालय क्षेत्र में होने वाली सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की ग्लेशियर गतिविधियां मौसम में बदलाव और बर्फ पिघलने के कारण होती हैं, जो समय-समय पर यहां देखी जाती हैं।
यह भी देखेंःSchool Holiday: धनतेरस से भाई दूज तक स्कूलों में त्योहारों की छुट्टी, कई राज्यों ने जारी किया शेड्यूल
स्थानीय लोग बोले
माणा गांव के पूर्व प्रधान पिताम्बर सिंह मोल्फा ने बताया कि कुबेर भंडार ग्लेशियर का एक हिस्सा तेज धमाके जैसी आवाज के साथ नीचे आया। इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग डर के साथ-साथ रोमांचित भी दिखे। उन्होंने कहा कि कंचनगंगा क्षेत्र में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और तीर्थयात्री अक्सर इनका साक्षी बनते हैं। हालांकि प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे ऊपरी इलाकों में सावधानी और सतर्कता बरतें।