Glenn Maxwell Retirement : ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अब इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते नजर नहीं आएंगे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सोमवार देर रात उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी। मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 7,226 रन बनाए और 136 विकेट भी हासिल किए। वह 2015 और 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के साथ-साथ 2021 में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे।
पॉडकास्ट पर बताई संन्यास की वजह
मैक्सवेल ने ‘फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट’ पर अपने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह फैसला भावुक करने वाला है, लेकिन इसकी उम्मीद पहले से थी। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ विक्टोरिया के लिए घरेलू 50 ओवर और चार दिवसीय क्रिकेट से भी विदाई लेने का फैसला किया है। मैक्सवेल के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन के साथ उनके भविष्य को लेकर पहले भी कई बार बातचीत हुई थी। टी20 विश्व कप के बाद भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी।
अफगानिस्तान के खिलाफ 201 रन हमेशा रहेंगे याद
मैक्सवेल के करियर की सबसे यादगार पारी 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ आई थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 91 रन पर सात विकेट गंवा चुका था। टीम की हार लगभग तय दिख रही थी। लेकिन मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने अपनी पारी में 21 चौके और 10 छक्के लगाए। ऐंठन के कारण वह ठीक से दौड़ भी नहीं पा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।
कमिंस के साथ मिलकर दिलाई ऐतिहासिक जीत
मैक्सवेल ने कप्तान पैट कमिंस के साथ आठवें विकेट के लिए नाबाद 202 रन की साझेदारी की। कमिंस ने 68 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए, जबकि मैक्सवेल ने दोहरा शतक जड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। टीम ने लक्ष्य से 19 गेंद पहले ही जीत हासिल कर ली थी। उनकी इस पारी को वनडे क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है।
पहले ही वनडे क्रिकेट से ले चुके थे संन्यास
मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले जून 2025 में वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। भारत के खिलाफ दुबई में खेला गया चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल उनका आखिरी वनडे मुकाबला था। इसके बाद अप्रैल 2026 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की केंद्रीय अनुबंध सूची में भी उन्हें जगह नहीं मिली। इस साल खेले गए टी20 विश्व कप में वह आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में दिखाई दिए। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी उनका चयन नहीं हुआ।
इसे भी पढ़ें : IND A vs NZ A: यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़कर की फॉर्म में वापसी, न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ कौन जीता दूसरा टेस्ट?
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में जारी रहेगा सफर
इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई के बावजूद मैक्सवेल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। वह दुनिया की अलग-अलग टी20 लीग में हिस्सा लेते रहे हैं। सितंबर में उन्होंने यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के पहले सीजन में बेलफास्ट वुल्व्स का प्रतिनिधित्व किया था। मैक्सवेल ने कहा कि अब वह अपने शरीर पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं, ताकि आने वाले टूर्नामेंट में खेलने के लिए फिट रह सकें। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, ऑफ स्पिन और 2023 विश्व कप की ऐतिहासिक पारी क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय तक याद रहेगी।