Goa fire tragedy accused: गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग लगने की भीषण घटना के बाद मामले में आरोपी रेस्टोरेंट-बार मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा देश छोड़कर फरार हो गए हैं। दोनों आरोपी 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट लेकर थाईलैंड के फुकेट रवाना हो गए, जबकि हादसा उसी रात हुआ था। गोवा पुलिस FIR के तुरंत बाद दिल्ली स्थित उनके घर पहुंची थी, जहां छापेमारी की गई, लेकिन दोनों पहले ही निकल चुके थे। पुलिस ने घर पर नोटिस चस्पा कर दिया था और शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों आरोप लगाने और पूछताछ से बचने के लिए त्वरित रूप से देश छोड़कर भागे।
LOC जारी, फिर भी फरार
गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए 7 दिसंबर को लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया था, ताकि वे देश से बाहर न निकल सकें। इसके बावजूद जांच में यह स्पष्ट हुआ कि LOC जारी होने से पहले ही वे देश छोड़ चुके थे। इमिग्रेशन रिकॉर्ड के अनुसार दोनों ने आग लगने के कुछ घंटों के भीतर ही विदेश की उड़ान ले ली, जिससे पुलिस ने इसे सोची-समझी फरारी माना है। इसी बीच मामले से जुड़े मैनेजर भरत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे आग के हालात और जिम्मेदारियों को लेकर पूछताछ चल रही है।
यह भी देखेंःNavjot Kaur Sidhu: 500 करोड़ में मिलता है CM पद बयान का असर, कांग्रेस ने नवजोत कौर सिद्धू को किया निलंबित
इंटरपोल से सहयोग की मांग
आरोपियों के विदेश भागने की पुष्टि के बाद गोवा पुलिस ने तुरंत मुंबई इमिग्रेशन और फिर सीबीआई से संपर्क किया। सीबीआई के इंटरपोल डिविजन की सहायता से अब दोनों की लोकेशन ट्रेस करने और उन्हें वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। यह कदम इसलिए भी अहम है क्योंकि आग की इस घटना में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिवारों को सौंप दिए गए हैं। हादसे ने नाइट क्लब सुरक्षा व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारियों पर कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।