Goa nightclub tragedy: गोवा के अरपोरा इलाके में रविवार देर रात एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली, जबकि कई लोग घायल हो गए। रोमियो लेन के पास स्थित बर्च नाम के इस क्लब में अचानक आग फैलने के बाद अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि क्लब के अंदर मौजूद लोग बाहर निकल नहीं पाए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्लब में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने क्लब के मालिक और मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। वहीं, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के आदेश
सीएम सावंत ने बताया कि आग पहले फ्लोर पर लगी और छोटे एग्ज़िट तथा भारी भीड़ के कारण कई लोग ग्राउंड फ्लोर की ओर भागे, जहां वे धुएं में फंस गए। ज्यादा मौतें दम घुटने से हुईं। उन्होंने बताया कि क्लब पिछले वर्ष ही शुरू हुआ था और उस रात एक बड़े इवेंट की वजह से भीड़ अधिक थी। सीएम ने सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस घटना के बाद प्रशासन ने राज्य के सभी नाइट क्लबों और बार में सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच कराने का फैसला किया है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में क्लब के कई कर्मचारी और कुछ पर्यटक भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि क्लब में भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा उपकरण और निकासी मार्ग पर्याप्त नहीं थे। इसी लापरवाही के चलते लोग समय पर बाहर नहीं निकल पाए। इस घटना के बाद गोवा सरकार ने सभी क्लबों का सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य किया है। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलेगी, उन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।