Gobhi Cutlet Recipe : अगर आप रोज-रोज आलू से बने स्नैक्स खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार गोभी से तैयार होने वाले कटलेट ट्राई कर सकते हैं। ये बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम व स्वादिष्ट होते हैं. खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आलू की जरूरत नहीं पड़ती.
गोभी के कटलेट को सुबह के नाश्ते, शाम की चाय या अचानक आए मेहमानों के लिए भी बनाया जा सकता है. इसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही इसका स्वाद बढ़ाया जा सकता है.
गोभी से बनाएं स्वादिष्ट कटलेट
इसके लिए सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें. इसे हल्का उबालने के बाद अच्छी तरह पानी निकाल दें। अब गोभी को मैश या कद्दूकस कर लें, ताकि कटलेट का मिश्रण आसानी से तैयार हो सके.
ऐसे तैयार करें कटलेट का मिश्रण
मैश की हुई गोभी में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया, अदरक और अपने स्वाद के अनुसार मसाले डालें. इसमें बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं, जिससे मिश्रण बंधने लगे. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर के लिए रख दें.
दें कटलेट का आकार
अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या मनचाहा आकार दें. अगर मिश्रण बहुत नरम लगे तो थोड़ा और बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स मिला सकते हैं। इससे कटलेट आसानी से शेप में आ जाएंगे.
ऐसे करें क्रिस्पी
तवे पर थोड़ा तेल गर्म करके कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी तैयार कर सकते हैं। तैयार कटलेट को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें.