Gold Price Falls 1600 Rupees : सोना खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में एक ही दिन में 1600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया है। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में सोने के भाव नीचे आए हैं।
चांदी ने भी छोड़ी रफ्तार
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। गुरुवार को चांदी 5000 रुपये सस्ती होकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पहले चांदी 2.42 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी। लगातार दो दिन स्थिर रहने के बाद चांदी में यह बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
क्यों गिर रहे हैं दाम?
जानकारों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड बढ़ने का असर सोने-चांदी पर पड़ा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों और ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली ने भी कीमतों पर दबाव बनाया है। इसी वजह से निवेशकों ने बिकवाली बढ़ाई, जिससे दोनों कीमती धातुओं के दाम नीचे आ गए।
ये भी पढ़ें : चुनाव आयोग में सब बराबर, फिर सबसे ताकतवर कौन? जानिए मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का पूरा गणित
रुपये ने दी थोड़ी राहत
हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी देखने को मिली है। रुपया 95.96 के स्तर तक पहुंच गया, जिससे घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों को कुछ सहारा मिला। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अगर रुपये में यह कमजोरी नहीं आती तो कीमतों में और बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती थी।
विदेशी बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव कमजोर रहे। हाजिर सोना करीब एक फीसदी टूटकर 4253 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गया। वहीं चांदी भी करीब 1.4 फीसदी गिरकर 63 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई। विदेशी बाजार में कमजोरी का सीधा असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है।