Gold Price Today : वैश्विक बाजार में कमजोरी के असर से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 2,150 रुपये टूटकर 1,58,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को सोना 1,60,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था।
चांदी ने दिखाई मजबूती
जहां सोने में गिरावट देखने को मिली, वहीं चांदी की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार मंगलवार को चांदी 600 रुपये महंगी होकर 2,41,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले दो कारोबारी सत्रों तक चांदी के दाम स्थिर बने हुए थे।
पहले भी आई थी बड़ी तेजी
चांदी ने 3 सितंबर को भी जोरदार उछाल दिखाया था। उस दिन इसकी कीमत में 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी और भाव 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था। इसके बाद 4 और 7 सितंबर को कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
ये भी पढ़ें : UP के करोड़ों राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, मुफ्त अनाज के साथ इस बार मिलेगी चीनी भी
कमजोर डॉलर का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक डॉलर में कमजोरी कीमती धातुओं को समर्थन दे रही है। बाजार जानकारों का कहना है कि निवेशकों की नजर अब अमेरिका के महंगाई आंकड़ों और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसलों पर टिकी हुई है। यही कारण है कि चांदी में मजबूती बनी हुई है, जबकि सोना दबाव में नजर आ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,404.44 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वैश्विक कीमतों का असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
एमसीएक्स पर कैसा रहा कारोबार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना लगभग सपाट स्तर पर 1,52,605 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सोना 1,54,125 रुपये के उच्चतम स्तर तक गया, जबकि निचला स्तर 1,52,401 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। दिनभर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।