सप्ताह की शुरुआत में ही सोना और चांदी के दामों में तेज गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को कारोबार खुलते ही दोनों कीमती धातुएं नीचे आ गईं। 24 कैरेट सोना करीब 3000 रुपये सस्ता हो गया, जबकि चांदी के दाम में भी 2000 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इससे निवेशकों में हलचल मच गई है।
गोल्ड रेट में कितनी आई कमी
एमसीएक्स पर सोने का भाव शुक्रवार के मुकाबले काफी नीचे खुला। पहले जहां इसका भाव 1,47,255 रुपये प्रति 10 ग्राम था, वहीं अब यह गिरकर करीब 1,44,212 रुपये पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में 3043 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट बाजार के लिए बड़ा संकेत मानी जा रही है।
हाई लेवल से कितना सस्ता हुआ सोना
अगर सोने के पुराने रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें, तो यह अब काफी सस्ता हो चुका है। इसका लाइफ टाइम हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। इस हिसाब से सोना अब करीब 58,000 रुपये से ज्यादा नीचे आ चुका है। वहीं युद्ध शुरू होने के बाद से भी इसमें लगातार गिरावट बनी हुई है।
ये भी पढ़ें : PNG vs LPG: क्यों पाइप गैस वाले बेफिक्र और सिलेंडर वाले परेशान, समझें पूरा गणित
चांदी के दाम भी लुढ़के
सोने के साथ-साथ चांदी में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को चांदी का भाव गिरकर करीब 2,25,797 रुपये प्रति किलो पर आ गया। पिछले स्तर से देखें तो इसमें 2000 रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है। वहीं पुराने उच्च स्तर से तुलना करें तो चांदी अब करीब आधी कीमत पर मिल रही है।
युद्ध के बावजूद क्यों गिर रहे दाम
आमतौर पर युद्ध के समय सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश में तेजी आती है, लेकिन इस बार उल्टा हो रहा है। इसकी बड़ी वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और डॉलर की मजबूती मानी जा रही है। निवेशक फिलहाल नकद पैसा अपने पास रखना ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं।
आगे क्या होगा रुख
विशेषज्ञों के मुताबिक अभी बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। अगर वैश्विक तनाव और बढ़ता है या आर्थिक नीतियों में बदलाव होता है, तो कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव आ सकता है। ऐसे में निवेशकों को सावधानी से फैसले लेने की सलाह दी जा रही है।