घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। Multi Commodity Exchange (MCX) पर सोने का वायदा करीब 650 रुपये टूटकर लगभग 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी में भी बड़ी गिरावट आई है और इसकी कीमत करीब 1300 रुपये लुढ़क गई है।
चांदी में बड़ी फिसलन
चांदी के दाम में तेज गिरावट देखने को मिली है। MCX पर सिल्वर वायदा 0.53% टूटकर कारोबार कर रहा है। खुदरा बाजार में दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में 10 ग्राम चांदी करीब 2600 रुपये में बिक रही है, जबकि 100 ग्राम के लिए ग्राहकों को लगभग 26,000 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। चेन्नई में चांदी की कीमत थोड़ी ज्यादा, करीब 2650 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
ये भी पढ़ें : Middle East संकट में भारत बना सहारा, मॉरीशस को देगा तेल-गैस और नई ऊर्जा ताकत
आपके शहर में सोने का ताजा भाव
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिला। दिल्ली में 24 कैरेट सोना करीब 1,51,620 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह करीब 1,53,000 रुपये के आसपास बना हुआ है। चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,52,720 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। वहीं लखनऊ, अहमदाबाद और पटना जैसे शहरों में भी कीमतें 1.53 लाख रुपये के आसपास बनी हुई हैं।
क्यों गिर रहे हैं दाम
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मुनाफावसूली और डॉलर में उतार-चढ़ाव के कारण सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना है। इसके अलावा निवेशकों का रुझान फिलहाल अन्य एसेट्स की ओर बढ़ने से भी इन कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ी है। आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।