अंतरराष्ट्रीय बाजार में टैरिफ को लेकर बढ़ते तनाव के बीच कीमती धातुओं में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की टैरिफ नीतियों से बढ़ी वैश्विक अनिश्चितता का असर अब घरेलू वायदा बाजार पर भी साफ दिख रहा है। मंगलवार को सोना और चांदी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों के बीच मुनाफावसूली और सतर्कता का माहौल बन गया है।
MCX पर खुलते ही टूटा सोना
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाले सोने का भाव अपने पिछले बंद 1,61,598 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1,60,295 रुपये पर आ गया। यानी 10 ग्राम 24 कैरेट सोना एक ही झटके में 1,303 रुपये सस्ता हो गया। बीते कुछ सत्रों से जारी तेजी पर इस गिरावट ने ब्रेक लगा दिया है।
ऑल टाइम हाई से अब तक ₹32,801 की गिरावट
29 जनवरी को सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई स्तर छुआ था। उस रिकॉर्ड स्तर से अब तक सोने की कीमत में कुल 32,801 रुपये की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह गिरावट संभावित एंट्री लेवल के तौर पर देखी जा रही है।
चांदी भी नहीं बची, 2,150 प्रति किलो टूटी
सोने के साथ-साथ चांदी में भी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 2,65,333 रुपये प्रति किलोग्राम के पिछले बंद स्तर से फिसलकर 2,63,183 रुपये पर पहुंच गई। यानी एक किलो चांदी की कीमत में 2,150 रुपये की गिरावट आई।
हाई से 1,56,865 सस्ती हुई चांदी
29 जनवरी को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफ टाइम हाई बनाया था। मौजूदा स्तर से तुलना करें तो चांदी अब अपने उच्चतम स्तर से 1,56,865 रुपये सस्ती मिल रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता और डॉलर इंडेक्स की चाल आगे भी बुलियन बाजार की दिशा तय करेगी।