Gold Silver Price Rise : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को चौंका दिया. MCX पर सोना 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी 2.33 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई. पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी सोमवार को भी बरकरार रही. बाजार में बढ़ती खरीदारी और वैश्विक संकेतों के चलते दोनों कीमती धातुओं में मजबूत उछाल देखने को मिला.
एक हफ्ते में सोना हुआ इतना महंगा
31 जुलाई को MCX पर 24 कैरेट सोना 1,43,376 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं 10 अगस्त को इसका भाव बढ़कर 1,52,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया. यानी महज पांच कारोबारी दिनों में सोने की कीमत में 8,644 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई. निवेशकों के लिए यह तेजी काफी अहम मानी जा रही है.
चांदी ने भी दिखाई दमदार रफ्तार
चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल आया है. MCX पर सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 2,33,730 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई. 31 जुलाई के मुकाबले चांदी 15,435 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है. कारोबार के दौरान चांदी ने 2,33,837 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर भी छुआ. बाजार में लगातार बढ़ती मांग से चांदी को मजबूती मिल रही है.
ये भी पढ़ें : Lucknow-Agra में CNG ने फिर मारा महंगाई का झटका, चार महीने में ₹8.25 तक बढ़ गए दाम
रिकॉर्ड हाई से अभी भी काफी नीचे
हालांकि मौजूदा तेजी के बावजूद चांदी अभी अपने ऑल टाइम हाई से काफी दूर है. 29 जनवरी 2026 को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर बनाया था. मौजूदा भाव के हिसाब से चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से 1,86,318 रुपये प्रति किलो सस्ती है. यही वजह है कि कई निवेशक अभी भी इसमें लंबी अवधि का मौका देख रहे हैं.
कीमतों में तेजी की वजह क्या है?
विशेषज्ञों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता का असर सोने-चांदी पर दिखाई दे रहा है. ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर सोने की ओर रुख करते हैं. वहीं चांदी को औद्योगिक मांग का भी फायदा मिल रहा है, जिससे उसकी कीमतों को अतिरिक्त समर्थन मिल रहा है.
अब खरीदारी करें या इंतजार?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सोने और चांदी का रुख सकारात्मक बना हुआ है. JM Financial Services के अनुसार निकट भविष्य में सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.80 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है. हालांकि हालिया तेजी के बाद निवेशकों को जल्दबाजी से बचते हुए बाजार में आने वाले उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.