Gold Silver Price Hike : सोना और चांदी की कीमतों में अक्टूबर के दौरान आई बड़ी गिरावट के बाद अब तेजी लौट आई है। नवंबर की शुरुआत में कुछ दिनों तक दाम नीचे जाने के बाद दोनों कीमती धातुओं ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का वायदा भाव 1.90 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया। वहीं, सोने की कीमत भी 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर निकल गई। ऐसे में जो लोग कीमतों में और गिरावट का इंतजार कर रहे थे, उन्हें फिलहाल निराशा हाथ लगी है।
सोना 2,875 रुपये महंगा हुआ
गुरुवार को MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना कारोबार शुरू होते ही 1,46,109 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को सोना 1,43,234 रुपये पर बंद हुआ था। यानी एक ही कारोबारी सत्र में इसकी कीमत 2,875 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गई। लगातार बढ़ते भाव के चलते सोने की खरीदारी करने वालों की चिंता भी बढ़ सकती है।
अक्टूबर में सोने की कीमत गिरी थी
अक्टूबर महीने में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। 30 सितंबर को MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 1,49,036 रुपये था। यह 30 अक्टूबर को गिरकर 1,38,485 रुपये पर आ गया। यानी एक महीने में सोना 10,551 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ था। हालांकि, अब अक्टूबर के आखिरी कारोबारी दिन के मुकाबले सोना 7,624 रुपये महंगा हो चुका है।
चांदी भी 1.90 लाख के पार पहुंची
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी आई है। मंगलवार को MCX पर एक किलो चांदी का भाव गिरकर 1,79,698 रुपये पर पहुंच गया था। बुधवार को इसमें उछाल आया और कीमत 1,87,735 रुपये हो गई। गुरुवार को भी तेजी जारी रही। चांदी 3,211 रुपये बढ़कर 1,90,946 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
ये भी पढ़ें : UGC के विवादित नियमों पर सरकार का यू-टर्न? सुप्रीम कोर्ट में कमेटी बनाने का दिया भरोसा
दो दिन में 11,248 रुपये का उछाल
चांदी की कीमतों में आई तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार से गुरुवार तक इसका भाव 11,248 रुपये प्रति किलो बढ़ चुका है। मंगलवार को जहां एक किलो चांदी 1,79,698 रुपये की थी, वहीं गुरुवार को यह 1,90,946 रुपये पर पहुंच गई। यानी महज दो दिनों में चांदी की कीमत में 11 हजार रुपये से ज्यादा का उछाल आया है।
अक्टूबर में चांदी हुई थी 44 हजार रुपये सस्ती
अक्टूबर में चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई थी। 30 सितंबर को MCX पर एक किलो चांदी का भाव 2,23,706 रुपये था। 30 अक्टूबर तक यह गिरकर 1,79,132 रुपये पर आ गया। इस तरह एक महीने में चांदी 44,574 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई थी। लेकिन नवंबर में तस्वीर बदल गई है और कीमतों में फिर तेजी देखने को मिल रही है।