सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है. दिसंबर महीने के पहले हफ्ते के पहले कारोबारी दिन पर ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के खुलने के साथ ही चांदी का भाव 3500 रुपये से ज्यादा उछलकर अपने नए लाइफ टाइम हाई लेवल पर जा पहुंचीं. यहां केवल चांदी ही नहीं बल्कि सोने के वायदा भाव में 1200 रुपये से ज्यादा की तेजी दिखाई दी.
चांदी 3,508 रुपये प्रति किलो तक महंगी
अगर बात करें चांदी की कीमतों की तो यहां पर एक बार फिर से तूफानी तेजी दिखाई दी है. एमसीएक्स पर कारोबारी दिन की शुरुआत होने पर ये कीमती धातु अपने पिछले बंद 1,74,981 रुपये प्रति किलो की तुलना में चढ़कर 1,76,452 रुपये पर खुली. इसके बाद वायदा कारोबार में ये तेज रफ्तार से भागने लगी और महज 15 मिनट के कारोबार के दौरान ही 1,78,489 रुपये के नए हाई लेवल पर पहुंच गई. इस हिसाब से देखें तो चांदी 3,508 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है.
ये भी पढ़ें : December में शेयर बाजार कब-कबरहेगा बंद? NSE-BSE ने जारी की लिस्ट, सिर्फ एक बड़ी छुट्टी लेकिन कुल 9 दिन बंद
सोना 1290 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा
चांदी के साथ ही पीली धातु कहे जाने वाले सोनें में भी तेजी नजर आ रही है. 5 फरवरी की एक्सपायरी वाला सोने का भाव खुलने के साथ ही चढ़ गया और 1,30,794 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता हुआ दिखाई दिया. आपको बता दें कि बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोना 1,29,504 रुपये पर क्लोज हुआ था. यानी एक झटके में सोना 1290 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया.
सोना अभी भी अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से काफी नीचे
भले ही सोने की कीमतों में एक बार फिर से तेज उछाल नजर आ रहा है, लेकिन सोने के भाव अभी भी अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से काफी नीचे बना हुआ है. आपको बता दें कि एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोने का ऑल टाइम हाई लेवल 1,34,024 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है, और सोमवार को आए ताजा उछाल के बाद भी ये इस स्तर से अभी भी 4000 रुपये सस्ता मिल रहा है.
घरेलू मार्केट में भी सोना-चांदी के भाव में तेजी
वहीं घरेलू बाजार में सोना और चांदी की कीमतों के बारे में करें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के अनुसार बीते शुक्रवार को 24 कैरेट गोल्ड 1,26,591 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं दूसरी ओर चांदी तेजी रफ्तार से भागते हुए 1,64,359 रुपये प्रति किलो पर क्लोज हुई थी.
बता दें कि आईबीजीए के रेट्स देशभर में एक समान रहते हैं, लेकिन ज्वेलरी खरीद पर ग्राहक को इस दाम में जीएसटी और मेकिंग चार्ज जोड़कर देना पड़ता है, जिससे इनकी कीमतों में इजाफा हो जाता है.