सोना और चांदी की कीमत में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है. बीते 14 कारोबारी दिनों में एक-दो दिन की तेजी को अगर छोड़ दें, तो दोनों कीमती धातुओं के दामों में कमी देखने को मिली है. हाई- लेवल पर पहुंच चुका सोना और चांदी के दाम काफी बुरी तरह से गिरे हैं. जहां एमसीएक्स पर ये दोनों कीमती धातुओं के दाम गिरे हैं, तो वहीं घरेलू मार्केट में बीते 17 अक्टूबर के भाव के मुकाबले गोल्ड 10000 रुपये से ज्यादा सस्ता, जबकि चांदी 21000 रुपये के आस-पास सस्ती मिल रही है.
10774 रुपये सस्ता हो गया सोना
घरेलू मार्केट में शुक्रवार को भी सोने का भाव टूटकर 1,20,100 रुपये पर पहुंच गया. पिछले बंद भाव के मुकाबले ये 570 रुपये सस्ता हो गया है. वहीं पिछले 14 कारोबारी दिनों में आए बदलाव को देखें, तो इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का रेट बीते 17 अक्टूबर की सुबह 1,30,874 रुपये था और इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो पीली धातु इस हाई लेवल से 10,774 रुपये तक सस्ती मिल रही है.
इसके अलावा मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के भाव में आए बदलाव पर एक नजर डालें, तो 17 अक्टूबर को 5 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने की वायदा कीमत 1,27,008 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो कि 7 अक्टूबर शुक्रवार को गिरकर 1,21,038 रुपये रह गया. यानी 10 ग्राम सोने के भाव में इस दौरान 5,970 रुपये की कमी आई है.
चांदी का दाम तो क्रैश हो गया
वहीं बात करें चांदी की, तो घरेलू मार्केट में 14 दिनों में चांदी के भाव करीब 21000 रुपये प्रति किलो तक कम हो गए हैं. दरअसल आईबीजीए की वेबासाइट पर मौजूद रेट्स को देखें, तो 17 अक्तूबर की शाम को 1 किलोग्राम चांदी का भाव 1,69,230 रुपये था, जो कि बीते शुक्रवार को गिरकर 1,48,275 रुपये पर बंद हुआ है. इस हिसाब से सिल्वर प्राइस में 20,955 रुपये की गिरावट आई है.
इसके साथ ही एमसीएक्स पर भी चांदी का भाव टूटा है और इसमें गिरावट लगातार जारी है. 14 कारोबारी दिन पहले इसका वायदा भाव 1,56,604 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था और अब तक इसमें 8,815 रुपये की गिरावट आ चुकी है. वहीं अगर Gold-Silver के हाई वायदा भाव से तुलना करें, तो चांदी 1,70,415 रुपये से 22,626 रुपये, जबकि सोना 11,256 रुपये तक सस्ता हो चुका है.
सोने के आभूषण पर दर्ज हॉलमार्क और क्वालिटी की जरूर करें पहचन
आपको बता दें कि इंडियन बुलियन की वेबसाइट पर अपडेट होने वाले Gold-Silver Rates देशभर में समान रहते हैं, लेकिन जब आप ज्वेलरी शॉप पर आभूषण खरीदने के लिए जाते हैं, तो फिर आपको 3 फीसदी जीएसटी के साथ ही मेकिंग चार्ज भी देना पड़ता है, जिससे इसकी कीमत में इजाफा हो जाता है. एक और बात जो ध्यान रखना जरूरी है कि जो Gold Jewellery आप खरीदें, उस पर दर्ज हॉलमार्क के जरिए उसकी क्वालिटी की पहचान जरूर कर लें.