कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब कीमती धातुओं पर भी दिखाई देने लगा है। महंगाई बढ़ने की आशंका और अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बढ़ी अनिश्चितता के बीच मंगलवार, 15 जुलाई को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सर्राफा बाजार में सोने के दाम बढ़े हुए नजर आए, जिससे वायदा और खुदरा बाजार के रुख में अंतर देखने को मिला।
MCX पर सोना और चांदी दोनों फिसले
एमसीएक्स पर अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना वायदा 1,517 रुपये की गिरावट के साथ 1,40,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी 2,157 रुपये टूटकर 2,20,871 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी महंगाई के उम्मीद से कम रहने के कारण दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों ने बाजार का रुख बदल दिया।
सर्राफा बाजार में सोने के दाम बढ़े
वायदा बाजार में गिरावट के उलट सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना 770 रुपये बढ़कर 1,43,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 22 कैरेट सोना 700 रुपये की बढ़त के साथ 1,31,600 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। वहीं 18 कैरेट सोने का भाव 570 रुपये बढ़कर 1,07,670 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। दूसरी ओर चांदी का खुदरा भाव 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बना रहा।
ये भी पढ़ें : Bank Holidays: 16 और 17 जुलाई को क्यों बंद रहेंगे बैंक? घर से निकलने से पहले जान लें आपके राज्य में छुट्टी है या नहीं
प्रमुख शहरों में क्या है सोने का भाव?
दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, गुरुग्राम, नोएडा, वाराणसी, आगरा और मेरठ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 14,372 रुपये प्रति ग्राम और 22 कैरेट सोना 13,175 रुपये प्रति ग्राम के आसपास बिक रहा है। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, कोच्चि और गोवा में 24 कैरेट सोने का भाव 14,357 रुपये प्रति ग्राम है। वहीं चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै, तिरुपुर और तमिलनाडु के कई शहरों में 24 कैरेट सोना 14,378 रुपये प्रति ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी दोनों पर दबाव बना हुआ है। हाजिर सोना 0.5 प्रतिशत गिरकर 4,035.67 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी सोना वायदा 0.7 प्रतिशत टूटकर 4,042.20 डॉलर प्रति औंस रह गया। हाजिर चांदी भी 0.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58.48 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार एमसीएक्स पर सोने के लिए 1,41,400 से 1,40,650 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि 1,43,350 से 1,44,500 रुपये के बीच रेजिस्टेंस देखा जा रहा है। वहीं चांदी के लिए 2,20,000 से 2,17,700 रुपये सपोर्ट और 2,26,000 से 2,28,800 रुपये रेजिस्टेंस का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।